राजसमंद में नार्को-टिप हेल्पलाइन शुरू, गोपनीय तरीके से जानकारी देने का मौका

Saturday, Mar 07, 2026-04:29 PM (IST)

राजसमंद: राजसमंद जिले में अवैध मादक पदार्थों और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस ने ‘नार्को-टिप’ हेल्पलाइन सेवा शुरू की है। अब आम नागरिक आसानी से पुलिस को गोपनीय तरीके से महत्वपूर्ण सूचनाएं दे सकेंगे, जिससे अवैध गतिविधियों को रोकने में मदद मिल सके।

 

पुलिस ने मोबाइल नंबर 9413092907 जारी किया है, जिस पर कोई भी व्यक्ति वॉट्सऐप या टेक्स्ट मैसेज के माध्यम से अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, आपराधिक गतिविधियों, आग्नेय अस्त्र, विस्फोटक सामग्री, हथियार, और अन्य संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी भेज सकता है। इस पहल का उद्देश्य नागरिकों से मिली सूचनाओं को तुरंत पुलिस तक पहुंचाना है, ताकि त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

 

राजसमंद एसपी ममता गुप्ता ने बताया कि इस हेल्पलाइन का संचालन एनडीपीएस सेल प्रभारी उप निरीक्षक विजेंद्र सिंह द्वारा किया जाएगा। सूचनाएं एनडीपीएस सेल के माध्यम से सीधे एसपी कार्यालय तक पहुंचाई जाएंगी, जिससे तत्काल कार्रवाई हो सके।

 

पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम, मोबाइल नंबर और पहचान पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा। एसपी ममता गुप्ता ने आमजन से अपील की है कि वे इस हेल्पलाइन का अधिक से अधिक उपयोग करें और जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण रखने में पुलिस का सहयोग करें।

 

यह हेल्पलाइन जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में मददगार साबित हो सकती है, और अपराधियों के खिलाफ एक मजबूत कदम साबित हो सकती है।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News