दिशा बैठक में सांसद हनुमान बेनीवाल ने अधिकारियों पर बरसाई फटकार, विकास कार्यों में ढिलाई बर्दाश्त नहीं
Saturday, May 16, 2026-07:32 PM (IST)
डीडवाना। शहर कलक्ट्रेट में सांसद हनुमान बेनीवाल की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मकराना विधायक जाकिर हुसैन गैसावत, लाडनूं विधायक मुकेश भाकर, जिला कलक्टर अवधेश मीना सहित जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक का मुख्य एजेंडा विकास कार्यों की प्रगति, सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन और आमजन की समस्याओं पर चर्चा था।
बैठक के दौरान सांसद हनुमान बेनीवाल ने अधिकारियों की लापरवाही पर नाराजगी जताई और कहा कि पिछली बैठकों में दिए गए निर्देशों की पालना न करना जनता के प्रति जिम्मेदारी की कमी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
सांसद ने विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों को फसल खराब होने पर उचित मुआवजा दिलाने और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को प्रभावी तरीके से लागू करने पर जोर दिया। इसके साथ ही गांवों और कस्बों की खराब सड़कों की जल्द मरम्मत करवाने के भी निर्देश दिए।
भीषण गर्मी को देखते हुए सांसद ने पेयजल व्यवस्था को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर गांव और कस्बे में पर्याप्त पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और जहां पेयजल संकट है, वहां तुरंत समाधान किया जाए। बैठक में स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाओं में सुधार, अस्पतालों में सफाई बनाए रखने और मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने पर भी चर्चा हुई।
सांसद ने जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन डालने के दौरान टूटी सड़कों को तुरंत ठीक कराने, वन क्षेत्र में अवैध कटाई और खनन पर रोक लगाने, स्वच्छ भारत मिशन के तहत नियमित कचरा संग्रहण, पेंशन मामलों और श्रमिक कार्ड आवेदनों के निपटारे के निर्देश अधिकारियों को दिए।
संपूर्ण बैठक में सांसद हनुमान बेनीवाल ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि जनता को समय पर मूलभूत सुविधाएं और सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है।
