नागौर में तीन बच्चों की मौत, मां गंभीर रूप से घायल, पुलिस जांच जारी

Saturday, Mar 07, 2026-03:50 PM (IST)

नागौर: नागौर सदर थाना क्षेत्र के बसवानी गांव में शुक्रवार देर शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। घर के आंगन में बने पानी के टांके में गिरने से एक ही परिवार के तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि उनकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। घटना के समय घर में कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था। पुलिस के अनुसार, मृत बच्चों में एक साल का रूद्र और पांच साल की जुड़वा बहनें गुंजन और अनुष्का शामिल हैं।

 

परिवार के मुताबिक, बच्चों के पिता राम प्रसाद मेघवाल मोहनगढ़ में ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करते हैं, और दादा-दादी खेत में फसल कटाई के लिए गए हुए थे। जब दादी शाम को घर लौट कर आई और बच्चों को आवाज लगाई, तो कोई जवाब नहीं मिला। खोजबीन करने पर, चारों पानी में उतराते हुए टांके में पाए गए।

 

मां मंजू की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें नागौर के राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। महिला की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज चल रहा है। फिलहाल परिवार की तरफ से पुलिस में कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है, लेकिन पुलिस मर्ग दर्ज करके मामले की जांच कर रही है।

 

पुलिस अधीक्षक मृदुल कछावने ने बताया कि महिला मंजू के बयान का इंतजार किया जा रहा है, ताकि घटना की असल वजह का पता चल सके। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि पानी के टैंक में लगभग 5 फीट पानी था, जिससे बच्चों की मौत हो गई, जबकि मंजू की हालत गंभीर है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News