सवाई माधोपुर में विधायक जितेंद्र गोठवाल इलेक्ट्रिक स्कूटी से कर रहे जनसंपर्क, ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

Sunday, May 17, 2026-02:56 PM (IST)

सवाई माधोपुर: सवाई माधोपुर जिले की खंडार विधानसभा क्षेत्र से विधायक जितेंद्र गोठवाल ने अपने सादगी भरे अंदाज और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ चर्चा बटोर ली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों को ईंधन बचाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के बाद विधायक गोठवाल भी इस मुहिम को आगे बढ़ा रहे हैं। वे लगातार इलेक्ट्रिक स्कूटी से अपने क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं और आमजन को छोटे कदमों के माध्यम से ईंधन बचाने और पर्यावरण सुरक्षित रखने का संदेश दे रहे हैं।

 

चाहे दिन हो या रात, विधायक स्कूटी से ही क्षेत्र भ्रमण कर रहे हैं। गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक पहुंचकर वे लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं और उनके समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दे रहे हैं। इसके साथ ही वे आमजन को यह समझा रहे हैं कि छोटी दूरी के लिए दोपहिया वाहन या साझा परिवहन का उपयोग करने से पेट्रोल-डीजल की खपत कम होती है और प्रदूषण पर भी नियंत्रण पाया जा सकता है।

 

विधायक का यह तरीका आमजन को काफी पसंद आ रहा है। उनके प्रयास की लोग सराहना कर रहे हैं और कई स्थानों पर उनके साथ सेल्फी लेने की झुंझलाहट भी दिखाई दे रही है। युवाओं में भी इस पहल को लेकर उत्साह देखा जा रहा है और कई ने ईंधन बचाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक रहने का संकल्प लिया है।

 

राजनीति में अक्सर बड़े काफिले और लग्जरी वाहनों का उपयोग देखने को मिलता है, लेकिन विधायक गोठवाल का स्कूटी से क्षेत्र भ्रमण करना इस परंपरा के विपरीत एक अलग संदेश दे रहा है। उनका प्रयास न केवल प्रधानमंत्री के संदेश को मजबूती दे रहा है, बल्कि आमजन को भी संसाधनों की बचत और पर्यावरण सुरक्षा के प्रति प्रेरित कर रहा है।

 

विधायक ने कहा कि बढ़ती ईंधन खपत और प्रदूषण आज बड़ी चुनौती हैं। ऐसे में इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग बढ़ाना आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि छोटी दूरी के लिए बड़े वाहनों का उपयोग कम करें और साझा या इलेक्ट्रिक वाहनों को प्राथमिकता दें। उनका मानना है कि यदि हर व्यक्ति छोटी जिम्मेदारियां निभाए तो देश में ईंधन की बड़ी बचत होगी और पर्यावरण सुरक्षित रहेगा।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए