प्रभारी मंत्री ओटाराम देवासी ने ग्राम रथ अभियान में किया सक्रिय भाग

Sunday, May 10, 2026-04:27 PM (IST)

झालावाड़। ग्रामीण विकास, पंचायतीराज, आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के राज्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री ओटाराम देवासी ने रविवार को झालावाड़ जिले में आयोजित “ग्राम रथ अभियान” में सक्रिय भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने ग्राम रथ के माध्यम से आमजन तक राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुँचाने का आह्वान किया।

 

प्रभारी मंत्री देवासी ने कहा कि राज्य सरकार गांव, किसान, पशुपालक और युवाओं के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आगामी 23 से 25 मई को होने वाली ‘ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट’ के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह राज्य के कृषि और ग्रामीण विकास क्षेत्र को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण आयोजन होगा। ग्राम रथ अभियान का मुख्य उद्देश्य गांव-गांव तक सरकार की योजनाओं, नवाचारों और कृषि तकनीकों की जानकारी पहुँचाना है ताकि किसान एवं ग्रामीणजन इसका अधिकतम लाभ उठा सकें।

 

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान आमजन से संवाद स्थापित कर योजनाओं की जानकारी सरल और प्रभावी तरीके से दी जाए। साथ ही उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता, जल संरक्षण, पशुपालन, कृषि नवाचार और स्वरोजगार गतिविधियों को भी बढ़ावा देने पर जोर दिया। उनका कहना था कि सरकार की योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना ही प्रशासन की प्राथमिकता है।

 

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष हर्षवर्धन शर्मा ने बताया कि अभियान के तहत जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें कृषि, पशुपालन, महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास सहित 13 विभागों से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।

 

प्रभारी मंत्री ने जनसुनवाई करते हुए ग्रामीणों की आम रास्ता, दिव्यांग पेंशन, छात्रवृत्ति, पेयजल आपूर्ति समेत विभिन्न समस्याओं को सुना और उनके समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। उन्होंने सफाई व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति और स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा भी की और संबंधित अधिकारियों को माकूल व्यवस्थाओं के निर्देश दिए।

 

कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलक्टर अनुराग भार्गव, उपखण्ड अधिकारी कमल सिंह यादव, नगर परिषद के पूर्व सभापति प्रदीप सिंह राजावत, जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

 

ग्राम रथ अभियान से ग्रामीणों में जागरूकता बढ़ाने और उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया को और प्रभावी बनाने की उम्मीद है।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News