मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह के तहत जागरूकता कार्यक्रम, बच्चों और महिलाओं को नशे के दुष्प्रभावों से किया जागरूक
Wednesday, Oct 07, 2026-07:26 PM (IST)
जयपुर। मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह के तहत गौतम हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, सिविल लाइंस, जयपुर की ओर से विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। शिल्प सृजन संस्थान एवं मेंटल हेल्थ फाउंडेशन के सह-आयोजन में आयोजित कार्यक्रमों का उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने, नशे के दुष्प्रभावों से लोगों को बचाने और समय पर उपचार के लिए प्रेरित करना रहा।
6 अक्टूबर को झालाना कच्ची बस्ती क्षेत्र में बच्चों और महिलाओं के लिए विशेष मानसिक स्वास्थ्य एवं नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। वरिष्ठ मनोचिकित्सक डॉ. अनिता गौतम ने मानसिक स्वास्थ्य को स्वस्थ जीवन की महत्वपूर्ण आधारशिला बताते हुए मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के लक्षण, समय पर पहचान, बचाव और उपचार के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम में अमेठी यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों ने मानसिक स्वास्थ्य और नशे के दुष्प्रभावों पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से नशे से होने वाले नुकसान, मानसिक स्वास्थ्य की अनदेखी के परिणाम और समय पर मदद लेने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में बच्चों को नाश्ता भी वितरित किया गया।
विद्यार्थियों ने मानसिक स्वास्थ्य पर रखे विचार
जागरूकता अभियान की अगली कड़ी में 7 अक्टूबर को गौतम हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में विद्यार्थियों के लिए एलोकेशन प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने मानसिक स्वास्थ्य, मनोरोग चिकित्सा, मानसिक रोगियों के प्रति संवेदनशीलता, उपचार प्रक्रिया और परिवार की भूमिका जैसे विषयों पर अपने विचार रखे।
प्रतियोगिता में डॉ. मेधावी दीक्षित और डॉ. अनिता गौतम ने निर्णायक की भूमिका निभाई। वहीं डॉ. शिव गौतम, डॉ. मनस्वी गौतम सहित अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
इस अवसर पर डॉ. शिव गौतम ने मानसिक बीमारी को लेकर समाज में मौजूद भ्रांतियों और कलंक की भावना को दूर करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मानसिक बीमारी भी अन्य बीमारियों की तरह एक स्वास्थ्य समस्या है, जिसका उपचार संभव है। मानसिक बीमारी से स्वस्थ हुए लोगों को भी आगे आकर अपने अनुभव साझा करने चाहिए, ताकि समाज में जागरूकता बढ़े और लोगों का इलाज के प्रति विश्वास मजबूत हो।
परिवार के सहयोग को बताया अहम
कार्यक्रम में चिकित्सकों ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य उपचार में परिवार की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। मानसिक रोगियों के प्रति संवेदनशील और सहयोगात्मक व्यवहार उपचार प्रक्रिया को बेहतर बनाने में मदद करता है।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्गों तक मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता पहुंचाना, नशे के खिलाफ सकारात्मक वातावरण तैयार करना और बच्चों, युवाओं एवं महिलाओं में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।
आयोजकों के अनुसार, मानसिक रूप से स्वस्थ व्यक्ति ही स्वस्थ परिवार और स्वस्थ समाज की नींव रख सकता है। इसी उद्देश्य के साथ मानसिक स्वास्थ्य और नशा मुक्ति से जुड़े जागरूकता अभियान आगे भी विभिन्न वर्गों तक पहुंचाए जाएंगे।
