ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में जयपुर के 95% मेडिकल स्टोर खुले, काली पट्टी बांधकर जताया विरोध
Wednesday, May 20, 2026-07:43 PM (IST)
जयपुर। ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध को लेकर 20 मई को देशभर में प्रस्तावित दवा दुकानों के बंद के बीच जयपुर के केमिस्टों ने अलग अंदाज में अपना विरोध दर्ज कराया। जयपुर केमिस्ट एसोसिएशन- दी केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन रजिस्टर्ड जयपुर (रजिस्ट्रेशन क्रमांक 406/84) के आह्वान पर शहर के लगभग 95 प्रतिशत मेडिकल स्टोर खुले रहे। दुकानदारों ने काली पट्टी बांधकर ऑनलाइन दवा व्यापार के खिलाफ शांतिपूर्ण और शालीन तरीके से विरोध जताया।
संस्था के अध्यक्ष अमरीश कौशिक और सचिव नवीन सांघी ने बताया कि जयपुर के करीब 10 हजार दवा व्यवसायी इस अभियान के साथ जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि आमजन को दवाओं की कोई परेशानी न हो, इसलिए मेडिकल स्टोर खुले रखे गए, लेकिन साथ ही केंद्र सरकार तक यह संदेश भी पहुंचाया गया कि दवाओं का ऑनलाइन व्यापार वर्तमान कानून और संविधान की भावना के अनुरूप नहीं है।
एसोसिएशन पदाधिकारियों का कहना है कि ड्रग एक्ट में आवश्यक संशोधन किए बिना ऑनलाइन दवा बिक्री को अनुमति देना अनुचित है और इसका विरोध लगातार जारी रहेगा।
संस्था के सदस्यों अमरीश कौशिक, नवीन सांघी, महावीर सोगानी, अजय अग्रवाल (गुड्डू), सुधीर नाटानी, मनोहर कुमावत, सुमित निगम, संजय जैन, खलील खान सहित अन्य पदाधिकारियों और सदस्यों ने भीषण गर्मी के बीच सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि लोगों को दवाओं की उपलब्धता में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
मुख्य प्रवक्ता अजय अग्रवाल ने बताया कि राज्य के सबसे बड़े अस्पताल सवाई मानसिंह अस्पताल के आसपास की सभी दवा दुकानें भी पूरी तरह खुली रहीं।
जयपुर के विभिन्न क्षेत्रों जैसे जवाहर नगर, आदर्श नगर, प्रताप नगर, सांगानेर, मालवीय नगर, जगतपुरा, मानसरोवर, टोंक फाटक, टोंक रोड, महेश नगर, सीकर रोड, अंबाबाड़ी और राजा पार्क सहित कई इलाकों में अधिकांश मेडिकल स्टोर खुले रहे। व्यापारियों ने संस्था के नेतृत्व और वर्षों पुराने संगठन पर विश्वास जताते हुए इस अभियान में भागीदारी निभाई।
