सवाई माधोपुर में बैंक में भीषण आग, एटीएम में रखे नोट बाल-बाल बचे

Sunday, Mar 29, 2026-06:41 PM (IST)

सवाई माधोपुर: राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले में स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। यह घटना आलनपुर मंडी रोड पर स्थित बैंक में हुई, जहां बैंक के प्रथम तल से अचानक धुआं उठते देखा गया और देखते ही देखते पूरा कार्यालय धुएं से भर गया। आग की लपटें उठने के बाद कर्मचारियों और ग्राहकों के बीच हड़कंप मच गया।

 

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस और नगर परिषद की दमकल टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने करीब एक से डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बैंक के अधिकारी और कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में मदद की। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।

 

यह आग तीन मंजिला इमारत के प्रथम तल स्थित बैंक कार्यालय में लगी थी। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि आग लगने के समय स्थिति बेहद भयावह हो गई थी। आग की लपटों के कारण पूरे इलाके में दहशत का माहौल था।

 

इस घटना का एक संवेदनशील पहलू यह रहा कि जिस हिस्से में आग लगी, वहां बैंक का एटीएम भी मौजूद था, जिसमें भारी मात्रा में नकदी रखी हुई थी। पुलिसकर्मियों, बैंक स्टाफ और दमकलकर्मियों की तत्परता से एटीएम को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अगर एटीएम जल जाता, तो भारी मात्रा में नकदी और मशीन दोनों जलकर राख हो सकते थे।

 

बैंक कर्मियों के अनुसार, आग लॉकर तक पहुंचने से पहले ही कैश को सुरक्षित निकाल लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। हालांकि, आग में बैंक के कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर नष्ट हो गए हैं। फिलहाल नुकसान का सही आंकलन नहीं हो पाया है और जांच के बाद ही स्पष्ट स्थिति सामने आ सकेगी।

 

यह घटना एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्थाओं और इलेक्ट्रिकल सिस्टम की नियमित जांच की जरूरत को उजागर करती है। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की जाती, तो यह हादसा और भी बड़ा हो सकता था।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News