नागौर हाईवे पर केमिकल टैंकर में भयानक ब्लास्ट, आग की लपटें दूर-दूर तक दिखीं

Thursday, Mar 05, 2026-06:15 PM (IST)

नागौर: राजस्थान के नागौर जिले में बुधवार रात एक बड़ा और खौफनाक हादसा हो गया। नागौर-लाडनूं राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित डेह बायपास के पास केमिकल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसके बाद उसमें जोरदार ब्लास्ट हुआ और भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के दो दर्जन से अधिक गांवों से भी साफ दिखाई दे रही थीं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

 

जानकारी के अनुसार टैंकर गुजरात के गांधीधाम से करीब 30 टन ‘एमिके’ केमिकल लेकर हरियाणा के सोनीपत जा रहा था। नागौर जिले में डेह बायपास के पास अचानक चालक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे टैंकर पलट गया। टैंकर पलटते ही उसमें विस्फोट हुआ और देखते ही देखते वह आग के गोले में तब्दील हो गया।

 

गनीमत यह रही कि हादसे के दौरान टैंकर चालक लुकमान, जो बाड़मेर का निवासी बताया जा रहा है, समय रहते बाहर निकल गया और उसकी जान बच गई। घटना की सूचना मिलते ही सुरपालिया थाना पुलिस और हरिमा टोल प्लाजा की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने हाईवे के दोनों ओर यातायात रोक दिया, जिससे सड़क पर लंबा जाम लग गया।

 

आग पर काबू पाने के लिए नगर परिषद नागौर की दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पास में स्थित सीमेंट कंपनी की दमकल सबसे बाद में मौके पर पहुंची, जबकि वह सबसे नजदीक थी।

 

करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चार दमकलों की मदद से आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। एहतियात के तौर पर मौके पर छह एम्बुलेंस भी तैनात की गई थीं ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।

 

हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। डेह तहसीलदार तेजपाल पारीक, बीसीएमओ रतनाराम बीडियासर, डेह सीआईसी टीम के प्रशासक रणवीर सिंह उदावत और थानाधिकारी सुमन चौधरी ने राहत और बचाव कार्यों की निगरानी की। देर रात आग पर काबू पाने के बाद हाईवे पर यातायात फिर से सुचारू कर दिया गया।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News