बंशीपहाड़पुर में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: अवैध खनन पर रेड, मशीनें छोड़ भागे माफिया

Friday, Feb 20, 2026-07:53 PM (IST)

भरतपुर जिले के बंशीपहाड़पुर इलाके में वन विभाग ने अवैध पत्थर खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे मिली गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में दबिश दी। टीम के पहुंचने की भनक लगते ही खनन में जुटे माफिया मशीनें मौके पर छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गए। वन विभाग को मौके से एक हाइड्रा मशीन, एक बारसो मशीन और एक ट्रैक्टर मिला, जिन्हें जब्त कर लिया गया है। यह पूरा इलाका वन क्षेत्र में आता है, जहां खनन पर पूर्ण प्रतिबंध है।

प्रतिबंधित क्षेत्र में चल रहा था अवैध खनन

सहायक वन संरक्षक सुरेश चौधरी के अनुसार, विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि बंशीपहाड़पुर के जंगलों और पहाड़ियों में अवैध तरीके से पत्थर निकाला जा रहा है। सूचना की पुष्टि होने पर अलग-अलग टीमों का गठन कर संयुक्त कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान किसी भी व्यक्ति को मौके पर नहीं पकड़ा जा सका, लेकिन जब्त वाहनों के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उनके मालिकों की पहचान की जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि पहचान पूरी होते ही संबंधित आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पर्यावरण को हो रहा नुकसान

वन क्षेत्र में अवैध खनन से पर्यावरण और जैव विविधता को गंभीर नुकसान पहुंचता है। पहाड़ियों की कटाई और भारी मशीनों के इस्तेमाल से प्राकृतिक संतुलन बिगड़ने का खतरा बढ़ जाता है। विभाग ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


Content Editor

Kuldeep Kundara

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News