बूंदी में बिजली चोरी पर बड़ी कार्रवाई: 1432 अवैध कनेक्शन हटाए, 41.50 लाख की वसूली
Sunday, Feb 15, 2026-04:38 PM (IST)
बूंदी। जिले में बिजली चोरी रोकने और बकाया राजस्व की वसूली के लिए शनिवार को विद्युत निगम ने सघन अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान कुल 1432 अवैध बिजली कनेक्शन हटाए गए और 41 लाख 50 हजार रुपए का राजस्व संग्रह किया गया। यह अभियान अधीक्षण अभियंता सी.पी. गुप्ता के निर्देश पर चलाया गया, जिसमें निगम की कई टीमों ने संयुक्त रूप से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में जांच की।
शहर से गांव तक चला अभियान
अभियान के तहत बूंदी शहर के मीरा गेट और दलेलपुरा क्षेत्र सहित जिले के सभी 10 उपखंडों के करीब 85 गांवों में जांच की गई।
तालेड़ा उपखंड के पराणा, राजपुरा, गुड्डा, नोताड़ा भोपत, मोहीपुरा, गुमानपुरा, अलकोदिया और बरूंधन गांवों में टीमों ने विशेष अभियान चलाया।
वहीं दबलाना उपखंड के राजपुरा, रेण और मेंडी तथा हिंडोली उपखंड के त्रिशुलिया, अमरत्या, हिंडोली, गणेशगंज, सिंघाड़ी, अलोद, चेता, पगारा, रोशंदा, खेरखटा और खिनिया गांवों में भी संयुक्त कार्रवाई की गई।
मौके पर जमा कराए 6.32 लाख
कार्रवाई के दौरान कटे हुए 1432 कनेक्शनों के परिसरों से अवैध रूप से डाले गए बिजली के तार और कनेक्शन हटाए गए।
72 उपभोक्ताओं ने मौके पर ही 6 लाख 32 हजार रुपए की बकाया राशि जमा करवाई।
बूंदी वृत्त में 16 कटे हुए कनेक्शनों पर VCR (सतर्कता जांच प्रतिवेदन) तैयार किए गए, जिन पर 2 लाख 40 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया।
135 कनेक्शन मौके पर काटे
नियमित कनेक्शन वाले 2263 उपभोक्ताओं से 41.50 लाख रुपए का राजस्व संग्रह किया गया।
इसके अलावा, 135 चालू कनेक्शनों पर 13 लाख 50 हजार रुपए की बकाया राशि लंबित होने के कारण उनके कनेक्शन मौके पर ही काट दिए गए।
निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी और बकाया वसूली के खिलाफ आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।
