प्रतापगढ़ में धोलापानी CI प्रवीण चारण पर बड़ा एक्शन, रिश्वतकांड के बाद थानाधिकारियों के तबादले
Saturday, May 16, 2026-07:40 PM (IST)
प्रतापगढ़। पुलिस कस्टडी में मौजूद व्यक्ति को राहत देने के बदले रिश्वत लेने के मामले में धोलापानी थाना के सर्किल इंस्पेक्टर (CI) प्रवीण चारण पर बड़ी कार्रवाई हुई है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी), डूंगरपुर की जांच के बाद जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने प्रवीण चारण को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया।
एसीबी डिप्टी रतनसिंह राजपुरोहित ने बताया कि पुलिस निरीक्षक प्रवीण चारण ने कस्टडी में रोहित नामक व्यक्ति के सेठ से 3 लाख रुपए की रिश्वत मांगी और उसे स्वीकार किया। कार्रवाई के दौरान आरोपी के पास से मौके पर 2,87,150 रुपए नकद बरामद हुए। इसके अलावा, सरकारी आवास की तलाशी में सत्यापन के लिए दिए गए 20,000 रुपए में से 14,000 रुपए भी मिले, जिनके सीरियल नंबर सत्यापन के अनुसार मेल खाते हैं। यह रिश्वत के लेनदेन का पुख्ता प्रमाण है।
एसीबी ने प्रवीण चारण के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। बरामदगी और मौका तस्दीक की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है, जबकि आगे की जांच जारी है।
रिश्वतकांड के बाद जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने प्रशासनिक फेरबदल किया। धोलापानी और जलोदा जागीर थानों के थानाधिकारियों के तबादले कर दिए गए। जलोदा जागीर के थानाधिकारी पुराराम मीणा को धोलापानी का नया थानाधिकारी नियुक्त किया गया, जबकि धोलापानी के थानाधिकारी रविंद्र पाटीदार को जलोदा जागीर का जिम्मा सौंपा गया।
जिला पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यह कदम प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने, थानों के संचालन को सुचारु बनाए रखने और जनता के बीच पुलिस की छवि सुधारने के लिए उठाया गया है। रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार जैसे मामलों पर अंकुश लगाने के लिए यह कार्रवाई आवश्यक मानी जा रही है। संबंधित अधिकारियों को तत्काल अपनी नई पदस्थापना पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस कार्रवाई से पुलिस विभाग की भ्रष्टाचार के प्रति सख्त नीति और कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाने का संदेश मिला है।
