बाड़मेर में LPG की कोई कमी नहीं: जिले में 13 हजार से ज्यादा सिलेंडर का स्टॉक, अफवाहों से बचने की अपील
Saturday, Mar 14, 2026-07:26 PM (IST)
बाड़मेर। मध्यपूर्व एशिया में बढ़ते तनाव और गैस की कमी की चर्चाओं के बीच बाड़मेर जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि जिले में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है। जिला रसद अधिकारी कंवराराम ने बताया कि आमजन को किसी भी तरह की चिंता या घबराने की आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने कहा कि जिले में गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और उपभोक्ताओं को नियमानुसार समय पर गैस की आपूर्ति की जा रही है।
औसत मांग से अधिक गैस की आपूर्ति
जिला रसद अधिकारी के अनुसार जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की औसत दैनिक मांग 3500 से 3800 सिलेंडर के बीच रहती है।
12 मार्च 2026 को करीब 3600 उपभोक्ताओं ने गैस सिलेंडर बुक किए थे, जबकि इसके मुकाबले 4350 सिलेंडरों की आपूर्ति की गई। आपूर्ति के बाद भी जिले में गैस एजेंसियों के पास 13,211 सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है और रिफिलिंग प्लांट से नियमित रूप से गैस की आपूर्ति हो रही है।
शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए बुकिंग नियम
गैस वितरण व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए प्रशासन ने बुकिंग को लेकर समय सीमा तय की है।
-
शहरी क्षेत्र – सिलेंडर मिलने के 25 दिन बाद ही दोबारा बुकिंग
-
ग्रामीण क्षेत्र – सिलेंडर मिलने के 45 दिन बाद ही पुनः बुकिंग
इस व्यवस्था का उद्देश्य गैस सिलेंडरों का संतुलित वितरण सुनिश्चित करना और अनावश्यक अतिरिक्त बुकिंग को रोकना है।
अफवाहों से बचने की अपील
सोशल मीडिया पर गैस की कमी से जुड़ी अफवाहों के कारण कई उपभोक्ता एक साथ ज्यादा सिलेंडर बुक कराने की कोशिश कर रहे हैं। इससे टोल-फ्री नंबर और वेबसाइट पर तकनीकी दबाव बढ़ रहा है।
जिला रसद विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आवश्यकता अनुसार ही गैस सिलेंडर की बुकिंग करें।
कलेक्टर टीना डाबी ने दिए निर्देश
जिला कलेक्टर टीना डाबी के निर्देशानुसार जिले में गैस आपूर्ति व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि गैस एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर नियमित समीक्षा करें और यह सुनिश्चित करें कि शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध हों।
साथ ही गैस एजेंसियों का समय-समय पर निरीक्षण कर आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
कॉमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति पर रोक
जिला रसद अधिकारी ने बताया कि जिले में 19 किलोग्राम के कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति फिलहाल अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को छोड़कर अन्य जगहों पर प्रतिबंधित की गई है।
बारां में कालाबाजारी पर कार्रवाई
इस बीच राजस्थान के बारां जिले में रसद विभाग ने एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध भंडारण के खिलाफ अभियान चलाया। विभाग ने कई स्थानों पर छापेमारी कर 71 गैस सिलेंडर जब्त किए।
इस कार्रवाई के बाद खाद्य व्यवसाय से जुड़े छोटे दुकानदारों और होटल संचालकों में हलचल मच गई। होटल एवं कैटरिंग एसोसिएशन ने अतिरिक्त जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई में कुछ शिथिलता बरतने की मांग भी की है।
