सीकर में गैस-एजेंसियों पर लाइनें, सर्वर-डाउन से बुकिंग बंद

Friday, Mar 13, 2026-06:46 PM (IST)

सीकर। सीकर जिले में इन दिनों रसोई गैस सिलेंडरों की किल्लत बनी हुई है। गैस एजेंसियों के बाहर लंबी-लंबी लाइनें लग रही हैं, क्योंकि सिलेंडर की सप्लाई कम हो गई है। खासकर ऑनलाइन बुकिंग सर्वर डाउन होने से लोगों को सिलेंडर बुकिंग में कठिनाई हो रही है। इस संकट का असर होटलों पर भी पड़ा है, जहां चाइनीज और साउथ इंडियन व्यंजन अब थाली से बाहर हो गए हैं और तंदूर व अन्य इलेक्ट्रिक उपकरणों का उपयोग बढ़ा है।

 

आज पुलिस और रसद विभाग के अधिकारियों की एक संयुक्त टीम ने गैस सिलेंडरों के स्टॉक की चेकिंग अभियान शुरू किया। इस दौरान सीओ सिटी संदीप चौधरी और कोतवाली थानाधिकारी सुनील कुमार जांगिड़ के नेतृत्व में कई गैस गोदामों पर जाकर चेकिंग की गई। चेकिंग के दौरान कुछ गोदामों में आउट पास जैसे डॉक्यूमेंट की कमी पाई गई।

 

गैस संकट के बीच, सीकर जिले में रसोई गैस और कॉमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई प्रभावित हुई है। ग्रामीण इलाकों में कच्चे चूल्हों का उपयोग बढ़ गया है, जबकि फ्लैट्स और अपार्टमेंट्स में रहने वाले लोगों को ज्यादा समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

 

सीकर जिले में बढ़ते गैस संकट के कारण जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा ने खाद्य विभाग के प्रमुख सचिव को पत्र लिखकर कोचिंग संस्थाओं और हॉस्टल के लिए 500 कॉमर्शियल सिलेंडर सप्लाई की मांग की है।

 

वहीं, कई हलवाईयों ने पुरानी भट्टियों को फिर से काम में लेना शुरू कर दिया है। इन भट्टियों पर काम करके हलवाई अब ग्राहकों को व्यंजन तैयार कर रहे हैं।

 

केंद्र सरकार ने इस समस्या के समाधान के लिए केरोसिन सप्लाई की घोषणा की है, जिससे गैस संकट से कुछ राहत मिल सकती है।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News