गोवाड़ी में नाले में गिरा तेंदुआ फंसा: वन विभाग ने पिंजरा लगाकर बचाया, स्वास्थ्य परीक्षण के बाद जंगल में छोड़ा जाएगा

Friday, Mar 20, 2026-04:17 PM (IST)

डूंगरपुर जिले के सागवाड़ा वन क्षेत्र के गोवाड़ी गांव में एक तेंदुआ राष्ट्रीय राजमार्ग 927ए के किनारे स्थित नाले में गिरकर फंस गया। तेंदुए को देखकर आसपास के गांवों के लोग मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही सागवाड़ा से वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद पिंजरा लगाकर तेंदुए का सफल रेस्क्यू किया।

रेस्क्यू के बाद तेंदुए को सागवाड़ा वन रेंज कार्यालय लाया गया है, जहां उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। इसके बाद उसे सुरक्षित रूप से वापस वन क्षेत्र में छोड़ा जाएगा।

जिला वन अधिकारी मोहित गुप्ता ने बताया कि गोवाड़ी में तेंदुए के नाले में गिरने की सूचना मिली थी। तेंदुआ राष्ट्रीय राजमार्ग 927ए के पास ओवरब्रिज के किनारे सर्विस लेन के पास नाले में फंसा हुआ था।

वन विभाग के रेंजर और वनकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। तेंदुए की मौजूदगी की खबर फैलते ही वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिसे वनकर्मियों ने नियंत्रित किया। इसके बाद नाले के खुले हिस्से में पिंजरा लगाया गया।

कुछ समय बाद तेंदुआ बाहर निकलने के प्रयास में पिंजरे में फंस गया। इसके बाद वनकर्मियों ने जेसीबी की मदद से पिंजरे को बाहर निकाला और तेंदुए को सुरक्षित वन विभाग कार्यालय ले जाया गया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में तेंदुए के कारण भय का माहौल बना हुआ था। तेंदुए ने कई मवेशियों का शिकार भी किया था। वहीं, तेंदुए के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।


Content Editor

Ishika Jain

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News