सवाई माधोपुर: तेंदुए ने 12 वर्षीय बच्चे पर किया हमला, मां और दादी की चीख से बची जान

Sunday, Apr 19, 2026-07:26 PM (IST)

सवाई माधोपुर। राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले के चौथ का बरवाड़ा क्षेत्र में तेंदुए की लगातार बढ़ती आवाजाही ने ग्रामीणों में दहशत फैला दी है। शनिवार को इसी क्षेत्र के रामसिंहपुरा गांव में एक तेंदुए ने 12 वर्षीय बालक पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद बालक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

 

घटना के अनुसार, रामसिंहपुरा निवासी अविनाश अपने माता-पिता और दादी के साथ खेत पर गया था। इस दौरान उसकी मां और दादी खेत में चारा काटने में व्यस्त थीं, जबकि अविनाश पास ही खेत में घूमा रहा था। तभी अचानक एक तेंदुआ दिखाई दिया और अविनाश पर हमला कर दिया। तेंदुए ने अविनाश की पीठ और पेट में पंजा मारा, जिससे बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। बालक की चीख सुनकर उसकी मां और दादी दौड़ीं और जोर-जोर से चिल्लाने लगीं। इस पर तेंदुआ घबराया और मौके से भाग खड़ा हुआ।

 

ग्रामीणों ने घायल बालक को तुरंत नजदीकी चौथ का बरवाड़ा अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है। घटना के बाद गांव में गुस्से का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि गढ़रवास क्षेत्र की ओर से तेंदुए का मूवमेंट लगातार बढ़ता जा रहा है, और वन विभाग से कई बार इसकी शिकायत की जा चुकी है। बावजूद इसके, वन विभाग ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

 

ग्रामीणों का मानना है कि यदि तेंदुए को समय रहते पकड़ लिया जाता, तो इस प्रकार की घटना टाली जा सकती थी। वन विभाग के फोरेस्टर विजय कुमार ने कहा कि जल्द ही तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया जाएगा और तेंदुए को पकड़ने की कार्रवाई की जाएगी।

 

इस घटना ने क्षेत्रीय वन विभाग की नाकामी को उजागर किया है, और ग्रामीणों ने सरकार से इस दिशा में कड़े कदम उठाने की मांग की है।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News