अल्बर्ट हॉल से स्वच्छता संकल्प अभियान की शुरुआत, सीएम ने केके गुप्ता के काम की तारीफ की

Saturday, Mar 14, 2026-05:09 PM (IST)

जयपुर/उदयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर के रामनिवास गार्डन स्थित अल्बर्ट हॉल से प्रदेशव्यापी स्वच्छता संकल्प एवं जागरूकता कार्यक्रम की शुरूआत करने के लिए आयोजित समारोह में राजस्थान स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के ब्रांड एंबेसडर केके गुप्ता की प्रशंसा की। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने स्वच्छता के लिए केके गुप्ता द्वारा किए गए कार्यों, समर्पण और प्रतिबद्धता की चर्चा करते हुए कहा कि तत्कालीन सभापति केके गुप्ता के नेतृत्व में दक्षिणी राजस्थान की डूंगरपुर नगर परिषद ने स्वच्छता के क्षेत्र में देश विदेश में अपना परचम फहराया और कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार जीते । उन्होंने कहा कि केके गुप्ता आज भी स्वच्छता को जन आंदोलन बनाने के कार्य में पूरी जिम्मेदारी के साथ लगे हुए है तथा जो जज्बा उनमें देखा जा रहा है इसे हर कोई अपना ले तो हमारा प्रदेश स्वच्छता की मिसाल बन सकता है।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सांसद मदन राठौड़ , मुख्य सचिव वी.श्रीनिवास एवं स्वच्छता के ब्रांड एंबेसडर केके गुप्ता ने सभी के साथ श्रमदान किया और  सफाईकर्मियों को पीपीई किट बांटे। इस मौके पर ऐतिहासिक अल्बर्ट हॉल परिसर में स्वच्छता का संदेश गूंजा। समारोह में प्रदेश के शासन सचिव नगरीय विकास देवाशीष पुष्टी, स्वायत्त शासन विभाग के सचिव रवि जैन, प्रशासक नगर निगम पूनम, निदेशक प्रतीक जूइकर ,नगर निगम कमिश्नर गौरव सैनी एवं मुख्यमंत्री के विशेष सचिव संदेश नायक तथा अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे ।

उल्लेखनीय है कि डूंगरपुर नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष केके गुप्ता राजस्थान सरकार द्वारा स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के ब्रांड एंबेसडर मनोनीत लिए जाने के बाद एक क्षण गंवाए बिना प्रदेश के सघन दौरे पर निकल गए हैं और अब तक उन्होंने प्रदेश की 20 से अधिक  जिलों की स्थानीय निकायों की बैठकें लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की भावना के अनुसार प्रदेश में स्वच्छता अभियान में नई जान फूंकने का प्रयास कर रहे हैं । यह तीसरा अवसर है जब उन्हें राजस्थान सरकार द्वारा स्वच्छता का ब्रांड एम्बेसडर बनाया गया है । इसके पहले वे केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संसदीय क्षेत्र और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गृह प्रदेश गुजरात की राजधानी गांधी नगर की पांच ग्राम पंचायतों में भी स्वच्छता अभियान का कार्य कर चुके है जिसके कारण ये ग्राम पंचायतें राष्ट्रीय स्तर पर अव्वल रही है। स्वच्छता राजदूत के रूप में अपनी अनूठी पहचान बनाने वाले केके गुप्ता को माननीय न्यायालयों द्वारा प्रदेश के शेखावाटी, मेवाड़ और वागड़ क्षेत्र की कतिपय स्थानीय निकायों में स्वच्छता अभियान की क्रियान्वति कराने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई  जिसमें उनकी भूमिका उल्लेखनीय रही है । गुप्ता स्वच्छता अभियान के साथ साथ जल संरक्षण, वन और पर्यावरण, युवक युवतियों की शिक्षा और उनके सर्वांगीण विकास तथा गरीबों के लिए रोटी बैंक की स्थापना सहित अन्य कई जन कल्याणकारी एवं समाज सेवा का कार्यों  के साथ साथ आधारभूत सुविधाओं के विकास तथा बुनियादी ढांचा निर्माण के कार्यों  को सफलता पूर्वक पूरा करने के बेजोड़ कार्य कर चुके है।  वे कई सामाजिक और अन्य संस्थानों से भी सक्रिय रूप से जुड़े हुए है।
 


Content Editor

Kuldeep Kundara

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News