कोटा सबसे गर्म, 40 डिग्री के पास पहुंचा पारा; कई जिलों में आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट

Monday, Mar 30, 2026-04:48 PM (IST)

कोटा: राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के सक्रिय होने का असर सोमवार को तेज नजर आएगा। मौसम विभाग ने प्रदेश के पांच जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि 21 जिलों में येलो अलर्ट दिया गया है। इन जिलों में तेज आंधी चलने की भी संभावना है। जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार अप्रैल के पहले सप्ताह में बैक-टू-बैक पश्चिमी विक्षोभ जारी रहेंगे, जिनसे प्रदेश के उत्तरी और पश्चिमी हिस्सों में बारिश और तूफानी हवाओं की संभावना बढ़ जाएगी।

 

हालांकि रविवार को इस सिस्टम का असर अपेक्षाकृत कमजोर रहा। बीकानेर संभाग में दिनभर मौसम शुष्क और धूप खिली रही। जालोर, सिरोही और पाली में हल्के बादल दिखाई दिए, लेकिन जयपुर, भरतपुर, कोटा और अजमेर संभाग में आसमान पूरी तरह साफ रहा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, वातावरण में नमी की कमी के कारण बारिश का प्रभाव कम देखने को मिला।

 

तापमान की बात करें तो रविवार को कोटा सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चूरू में 37.6, पिलानी और अलवर में 37.2, बाड़मेर में 37, सीकर में 36, जैसलमेर में 35.8, जोधपुर में 35.3, श्रीगंगानगर में 34.5 और बीकानेर में 34.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ।

 

मौसम विभाग के अनुसार आज अलवर, डीग, झुंझुनू, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड और सीकर में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही इन जिलों में ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

 

वहीं अजमेर, बारां, ब्यावर, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, दौसा, धौलपुर, जयपुर, झालावाड़, करौली, कोटा, सवाई माधोपुर, टोंक, बालोतरा, बाड़मेर, बीकानेर, चूरू, डीडवाना, हनुमानगढ़, जैसलमेर, जोधपुर, नागौर, फलौदी और श्रीगंगानगर में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का यलो अलर्ट है।

 

मौसम विभाग ने लोगों से आगाह किया है कि तेज हवाओं और ओलावृष्टि के दौरान सतर्क रहें। घरों और वाहनों को सुरक्षित स्थान पर रखें और खेतों में काम करने वाले किसानों को बारिश और तूफानी हवाओं से बचाव के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

 

प्रदेश में तापमान में वृद्धि और पश्चिमी विक्षोभ का असर अगले कुछ दिनों तक जारी रहने की संभावना है, इसलिए राज्यभर में मौसम पर लगातार नजर रखी जा रही है।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News