बांसवाड़ा में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, गंभीर हालत में उदयपुर रेफर

Saturday, Mar 14, 2026-07:11 PM (IST)

बांसवाड़ा। जिले के अरथुना थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक युवक पर अज्ञात बदमाशों ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पहले उसे अरथुना के स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद बांसवाड़ा के महात्मा गांधी (एमजी) अस्पताल रेफर किया गया। वहां हालत गंभीर होने पर देर रात उसे बेहतर इलाज के लिए उदयपुर भेज दिया गया।

घर लौटते समय बदमाशों ने घेरा

जानकारी के अनुसार अरथुना थाना क्षेत्र के अमरपुरा नाहली गांव निवासी राहुल पुत्र शंकरलाल शुक्रवार रात किसी काम से पास के गांव गया हुआ था। देर रात जब वह वापस अपने घर लौट रहा था, तभी रास्ते में अज्ञात बदमाशों ने उसे घेर लिया।

बदमाशों ने राहुल पर चाकू से हमला कर दिया और उसकी पीठ में चाकू घोंप दिया। अचानक हुए इस हमले में राहुल गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर ही गिर पड़ा।

राहगीरों ने पहुंचाया अस्पताल

घटना के बाद वहां से गुजर रहे कुछ राहगीरों ने घायल युवक को देखा और तुरंत उसके परिजनों को सूचना दी। साथ ही एंबुलेंस को भी बुलाया गया।

मौके पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से राहुल को तुरंत अरथुना के स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार किया।

गंभीर हालत में उदयपुर रेफर

प्राथमिक उपचार के बाद घायल युवक को बांसवाड़ा जिला मुख्यालय स्थित महात्मा गांधी (एमजी) अस्पताल रेफर किया गया।

परिजनों के अनुसार एमजी अस्पताल में जांच के दौरान डॉक्टरों ने बताया कि कमर के पास लगा घाव गहरा है और उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। इसी कारण शुक्रवार और शनिवार की मध्यरात्रि करीब 12 बजे उसे बेहतर इलाज के लिए उदयपुर रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना को लेकर गढ़ी डीएसपी बाबूलाल रेगर ने बताया कि युवक पर चाकू से हमले की सूचना मिली है। फिलहाल इस मामले में अभी तक कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है।

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।


Content Editor

Sourabh Dubey

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News