किरोड़ी लाल मीणा का कांग्रेस पर हमला, बोले- मेरी बात मानते तो आज ये हाल नहीं होता

Sunday, May 10, 2026-03:56 PM (IST)

दौसा में कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक, जल जीवन मिशन घोटाले और अन्य मामलों को लेकर उन्होंने लगातार आवाज उठाई थी, लेकिन उनकी बातों को नजरअंदाज किया गया। मंत्री ने दावा किया कि यदि समय रहते कार्रवाई होती तो कांग्रेस की आज ऐसी राजनीतिक स्थिति नहीं बनती।

शनिवार रात मानपुरिया गांव में आयोजित रात्रि चौपाल के दौरान मंत्री ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि जेजेएम घोटाले में एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर वे कई दिनों तक धरने पर बैठे रहे, लेकिन कार्रवाई करने के बजाय उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था।

किरोड़ी लाल मीणा ने वीरांगना प्रकरण का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरान उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और सार्वजनिक रूप से अपमानित करने की कोशिश हुई। मंत्री का कहना था कि उन्होंने हर मुद्दे पर सबूतों के साथ सरकार को चेताया था, लेकिन उनकी बातों पर ध्यान नहीं दिया गया।

एसआई भर्ती परीक्षा को लेकर भी मंत्री ने बयान दिया। उन्होंने कहा कि दोबारा परीक्षा कराई जाती है तो उसी बैच के अभ्यर्थियों को अवसर मिलना चाहिए, क्योंकि लंबे समय से अभ्यर्थी न्याय की मांग कर रहे हैं। नए अभ्यर्थियों को शामिल करना उचित नहीं होगा।

कृषि मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में भर्ती परीक्षाओं में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुईं। उन्होंने कहा कि कई परीक्षाओं के पेपर लीक होने के प्रमाण सार्वजनिक किए गए थे, लेकिन तत्कालीन सरकार ने गंभीरता नहीं दिखाई। अब वर्तमान सरकार ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई कर रही है और कई आरोपी जेल पहुंच चुके हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि जल जीवन मिशन मामले और भर्ती घोटालों में जांच आगे बढ़ रही है तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के आरोपों पर पलटवार करते हुए मंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में तथ्यों के आधार पर जांच हो रही है और इसे राजनीतिक द्वेष बताना गलत है।

रात्रि चौपाल के दौरान मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने किसानों को सरकार की योजनाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि 23 से 25 मई तक जयपुर में ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट आयोजित होगी, जिसमें कृषि क्षेत्र में निवेश, एग्रो प्रोसेसिंग और आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देने पर चर्चा की जाएगी।


Content Editor

Ishika Jain

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News