कांग्रेस भ्रष्टाचार का एक भी सबूत दे, मैं मंत्री पद से इस्तीफा दे दूंगा: किरोड़ी लाल मीणा

Sunday, Jun 14, 2026-03:47 PM (IST)

अलवर: अलवर में आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. Kirodi Lal Meena ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए उसे खुली चुनौती दी। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस उनके या सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार का एक भी ठोस सबूत पेश कर दे, तो वे अपने मंत्री पद से इस्तीफा देने को तैयार हैं।

 

अलवर जिले के प्रभारी मंत्री के रूप में दौरे पर पहुंचे किरोड़ी लाल मीणा ने मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। यह प्रदर्शनी जिला प्रशासन और सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा आयोजित की गई थी, जिसमें केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को प्रदर्शित किया गया।

 

मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने विपक्षी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकारों में जिन भ्रष्टाचार के मामलों को दबाया गया था, मौजूदा सरकार उन मामलों की जांच कर कार्रवाई कर रही है। उन्होंने दावा किया कि सरकार भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देने के बजाय उनके खिलाफ सख्त कदम उठा रही है।

 

कांग्रेस को सीधी चुनौती देते हुए उन्होंने कहा, “अगर कांग्रेस के पास भ्रष्टाचार का कोई सबूत है, तो वह सामने लाए, मैं मंत्री पद छोड़ने को तैयार हूं।” साथ ही उन्होंने यह भी जोड़ा कि यदि उनके द्वारा उठाए गए भ्रष्टाचार के मामलों पर संतोषजनक कार्रवाई नहीं होती है, तो वे आगे बड़ा कदम उठाने से पीछे नहीं हटेंगे।

 

अपने संबोधन में उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास कर रहा है और “विकसित भारत” का लक्ष्य साकार हो रहा है।

 

उन्होंने कहा कि किसानों, महिलाओं और मध्यम वर्ग के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। ‘लखपति दीदी’ योजना के माध्यम से लाखों महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम हो रहा है। इसके अलावा सुकन्या समृद्धि योजना जैसी पहल बेटियों के भविष्य को सुरक्षित कर रही है।

 

मंत्री ने बुनियादी ढांचे पर भी जोर देते हुए कहा कि देश में लाखों किलोमीटर सड़कों का विस्तार हुआ है और सिंचाई योजनाओं से कृषि क्षेत्र को मजबूती मिली है। रेलवे और स्वास्थ्य क्षेत्र में भी कई सुधार किए गए हैं, जिसमें वंदे भारत ट्रेनें और नए एम्स शामिल हैं।

 

इस बयान के बाद एक बार फिर राजस्थान की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है, और कांग्रेस तथा भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News