40 करोड़ की लागत से बना करौली रेलवे ओवरब्रिज तैयार, उद्घाटन शेष, यातायात शुरू
Wednesday, Mar 04, 2026-12:38 PM (IST)
गंगापुर सिटी। शहर के करौली रेलवे फाटक संख्या 179 पर बन रहे बहुप्रतीक्षित रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। करीब 40 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस ओवरब्रिज को औपचारिक उद्घाटन से पहले ही यातायात के लिए खोल दिया गया है, जिससे आमजन को बड़ी राहत मिली है।
करीब 900 मीटर लंबा और 27 मीटर चौड़ा यह ओवरब्रिज शहर की प्रमुख अधोसंरचना परियोजनाओं में शामिल रहा है। लंबे समय से फाटक पर लगने वाले जाम से परेशान लोगों के लिए यह पुल किसी राहत से कम नहीं है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अब उन्हें घंटों इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
करौली रेलवे फाटक संख्या 179 देश के व्यस्ततम रेलमार्गों में से एक दिल्ली-मुंबई रेलमार्ग पर स्थित है। इस मार्ग पर प्रतिदिन सैकड़ों ट्रेनों का संचालन होता है। ट्रेन गुजरने के दौरान फाटक बंद रहने से बस, ट्रक, कार, बाइक और पैदल यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ता था। कई बार फाटक खुलते ही यातायात अव्यवस्थित हो जाता था और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी।
परियोजना को डेढ़ वर्ष में पूरा किया जाना था, लेकिन निर्माण कार्य में अपेक्षा से अधिक समय लगा। ओवरब्रिज को तैयार होने में ढाई साल से अधिक का समय लग गया। देरी के पीछे बजट संबंधी समस्याएं, मजदूरों की कमी और मशीनों की अनुपलब्धता जैसे कारण बताए गए हैं। साथ ही ठेकेदार की कथित लापरवाही को भी कार्य में देरी का प्रमुख कारण माना गया।
हालांकि अब अधिकांश निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और वाहन आवागमन शुरू होने से स्थानीय व्यापारियों और आम लोगों को काफी सुविधा मिल रही है। प्रशासन की ओर से जल्द ही औपचारिक उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित किए जाने की संभावना है। शहरवासियों को उम्मीद है कि यह ओवरब्रिज यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाएगा।
