डूंगरपुर में कबड्डी खिलाड़ी का अपहरण: 5 आरोपी गिरफ्तार, 1.20 लाख की फिरौती मांगने का मामला उजागर

Friday, Feb 20, 2026-05:29 PM (IST)

डूंगरपुर। राजस्थान के डूंगरपुर जिले में कबड्डी खिलाड़ी के अपहरण और फिरौती मांगने के सनसनीखेज मामले का दोवड़ा थाना पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और वारदात में प्रयुक्त कार भी जब्त कर ली है।

दोवड़ा थानाधिकारी परमेश्वर पाटीदार ने बताया कि 25 अक्टूबर 2025 को एक महिला ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि उनका पुत्र 23 अक्टूबर की शाम पाटीदार समाज की कबड्डी प्रतियोगिता में भाग लेने कोलखण्डा गया था। मैच समाप्त होने के बाद सफेद कार में आए कुछ युवकों ने उसे जबरन अगवा कर लिया।

आरोपियों ने युवक को अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर मारपीट की और परिजनों से फोन पर 1.20 लाख रुपए की फिरौती मांगी। भयभीत परिजनों ने आरोपियों द्वारा भेजे गए स्कैनर के माध्यम से 70 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद आरोपी युवक को रायणा गांव के पास घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी मनीष कुमार ने तत्काल जांच के निर्देश दिए। थानाधिकारी परमेश्वर पाटीदार के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी भावेश पाटीदार और ललित पाटीदार को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त कार जब्त की गई। इसके बाद लोकेश, वैभव और जितेन्द्र उर्फ जितु को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।


Content Editor

Ishika Jain

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News