Jodhpur में Scooter सवार ने मचाया हड़कंप, डिलीवरी बॉक्स पर बैठ किए ऐसे स्टंट
Thursday, Jun 25, 2026-02:17 PM (IST)
जोधपुर: आज के समय में कार, बाइक, स्कूटर पर लोगों द्वारा कई तरह से स्टंट किए जाने के वीडियो आए दिन वायरल होते रहते हैं, जिसके बाद पुलिस द्वारा उन पर कार्रवाई भी की जाती है। लेकिन इसके बावजूद कई लोग सबक लेने को तैयार नहीं, ऐसा ऐसा ही एक वीडियो हाल ही में जोधपुर से सामने आया है जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो ने जोधपुर शहर में सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वीडियो में एक युवक चलती इलेक्ट्रिक स्कूटर के पीछे लगे डिलीवरी बॉक्स के ऊपर बैठा हुआ दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो भगत की कोठी क्षेत्र से वीर दुर्गादास ब्रिज की तरफ जाने वाले रास्ते का है। स्कूटर पर डिलीवरी बॉक्स के ऊपर बैठकर युवक ने रील बनाने की कोशिश की, लेकिन यह स्टंट उसके साथ-साथ सड़क पर मौजूद दूसरे लोगों के लिए भी बड़ा खतरा बन सकता था।
वीडियो सामने आने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। जांच के दौरान स्कूटर की पहचान RJ 19 DR 3934 नंबर से की गई। पुलिस ने युवक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वाहन को सीज किया और नियमों के उल्लंघन पर चालान काटा।
पुलिस ने साफ किया कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता या लाइक्स पाने के लिए सड़क पर इस तरह के खतरनाक तरीके अपनाना न सिर्फ कानून का उल्लंघन है, बल्कि हादसे की वजह भी बन सकता है। चलती गाड़ी पर असुरक्षित तरीके से बैठना वाहन चालक और आसपास चल रहे लोगों की जान जोखिम में डाल सकता है।
ट्रैफिक पुलिस अब ऐसे वीडियो और स्टंट पर नजर रख रही है, जिनमें सड़क नियमों की अनदेखी कर सोशल मीडिया कंटेंट बनाया जाता है। पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि रील या वीडियो बनाने के चक्कर में अपनी और दूसरों की जान को जोख़िम में डालते हैं।
