56 साल बाद जालोर को बड़ी सौगात, दिल्ली के लिए सीधी रेल कनेक्टिविटी शुरू

Monday, May 18, 2026-05:20 PM (IST)

जालोर: राजस्थान के जालोर जिले को 56 साल बाद एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। लंबे इंतजार के बाद जालोर को अब दिल्ली से सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलने वाली है। रेलवे द्वारा भुज और दिल्ली के बीच नई एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है, जो रोजाना चलेगी और जालोर, अजमेर और जयपुर के रास्ते गुजरेगी। यह ट्रेन जालोर के लोगों के लिए दिल्ली जाने के लिए एक बड़ी सुविधा साबित होगी और ट्रेन बदलने के झंझट से निजात दिलाएगी।

 

इतिहास की बात करें तो, जालोर से पहली ट्रेन जोधपुर तक जून 1929 में चली थी। लेकिन लंबे इंतजार के बाद अब जालोर-से-दिल्ली सीधी ट्रेन की सुविधा मिलने जा रही है। रेलवे के नोटिफिकेशन के अनुसार नई ट्रेन संख्या 19403/19404 भुज-दिल्ली-भुज एक्सप्रेस रोजाना चलेगी। ट्रेन भुज से सुबह 11:15 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 11:45 बजे दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में दिल्ली से शाम 4:40 बजे रवाना होकर अगले दिन शाम 7:35 बजे भुज पहुंचेगी।

 

नई ट्रेन राजस्थान, गुजरात और हरियाणा के कई प्रमुख स्टेशनों से गुजरेगी और राजस्थान में कुल 16 स्टेशनों पर ठहराव होगा। इनमें रानीवाड़ा, मारवाड़ भीनमाल, मोदरान, जालोर, मोकलसर, समदड़ी, लूणी, पाली मारवाड़, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर, अजमेर, किशनगढ़, जयपुर, गांधी नगर जयपुर, बांदीकुई और अलवर शामिल हैं। इसके अलावा अंजार, गांधीधाम, भचाऊ, भीलड़ी, धनेरा और रेवाड़ी स्टेशन पर भी ट्रेन रूकेगी।

 

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन में कुल 22 एलएचबी कोच लगाए जाएंगे। इसमें स्लीपर, एसी और सामान्य श्रेणी के डिब्बे होंगे। एलएचबी कोच यात्रियों को अधिक आराम और सुरक्षा प्रदान करेंगे।

 

इससे पहले जालोर से जयपुर के लिए सिर्फ एक ही ट्रेन थी, जो सप्ताह में एक दिन चलती थी। यात्रियों को दिल्ली जाने के लिए अन्य ट्रेनों में परिवर्तन करना पड़ता था। नई ट्रेन से अब जालोर और दिल्ली के बीच सीधी और रोजाना सुविधा प्राप्त होगी, जिससे यात्रा अधिक सुविधाजनक और तेज होगी।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News