जैसलमेर में चोरों के हौसले बुलंद, सनावड़ा के शीतला माता मंदिर में हुई चोरी

Monday, Aug 10, 2026-02:52 PM (IST)

जैसलमेर: जैसलमेर में चोरों के हौसले कितने बुलंद है इस बात का अंदाजा सिर्फ इसी बात से लगाया जा सकता है कि चोर जिले में लगातार मंदिरों को अपना निशाना बना रहे है। बीती रात सांकड़ा थाना क्षेत्र के सनावड़ा गांव में एक सोलर कंपनी के पास स्थित आस्था के प्रमुख केंद्र शीतला माता मंदिर में चोरों ने दानपात्र का गला तोड़कर उसमें रखी राशि चोरी कर ली। धार्मिक स्थल पर चोरी की वारदात सामने आने के बाद श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से घटना का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। गांव के सामाजिक कार्यकर्ता महावीर सिंह भाटी ने बताया कि मंदिर परिसर में रखा दानपात्र चोरों के निशाने पर रहा।

 

चोरों ने दानपात्र का गला तोड़ दिया और उसमें श्रद्धालुओं की ओर से चढ़ाई गई राशि लेकर फरार हो गए। घटना का पता चलने पर ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं को इसकी जानकारी हुई, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना सांकड़ा पुलिस को दी। वारदात की सूचना मिलने पर सांकड़ा पुलिस की टीम रविवार देर रात सनावड़ा गांव पहुंची। पुलिस ने मंदिर परिसर एवं घटनास्थल का निरीक्षण किया और घटना से संबंधित जानकारी जुटाई।

 

पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में चोरों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा मामले में संभावित सुराग जुटाने के साथ ही वारदात के तरीके और आसपास की गतिविधियों की भी जानकारी ली जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि मंदिर लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र है और यहां चोरी होना बेहद निंदनीय एवं दुर्भाग्यपूर्ण है।

 

श्रद्धालु नियमित रूप से मंदिर में दर्शन करने के साथ दानपात्र में राशि अर्पित करते हैं। ऐसे में दानपात्र तोड़कर राशि चोरी किए जाने की घटना से लोगों की धार्मिक भावनाएं भी आहत हुई हैं। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की पहचान कर उन्हें शीघ्र गिरफ्तार करने तथा चोरी की गई राशि बरामद करने की मांग की है। साथ ही क्षेत्र के मंदिरों एवं अन्य धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग भी उठाई है।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News