बारां में कंबल-गद्दों के नीचे छुपा था नशे का जखीरा, 4 किलो डोडा चूरा बरामद, आरोपी अरेस्ट

Thursday, Apr 09, 2026-05:42 PM (IST)

बारां: राजस्थान के बारां जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अफीम डोडा चूरा बरामद किया है। नाहरगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने 104 किलो 100 ग्राम डोडा चूरा जब्त किया और एक आरोपी को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई जिले के एसपी अभिषेक अंदासु के निर्देश पर की गई थी, जिसके तहत क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त निगरानी रखी जा रही थी।

 

पुलिस टीम ने कस्बे के गुना रोड पर नियमित नाकाबंदी के दौरान एक बिना नंबर के लोडिंग टैंपो को संदिग्ध अवस्था में देखा। पुलिस ने टैंपो को रुकवाकर चालक से पूछताछ की, लेकिन चालक घबराया हुआ नजर आया और उसके पास से कोई संतोषजनक जवाब नहीं आया, जिससे पुलिस का शक और गहरा गया। इसके बाद पुलिस ने वाहन की तलाशी ली, और घरेलू सामान, कंबल और गद्दों के नीचे छिपाकर रखे गए चार कट्टों में 104 किलो 100 ग्राम अफीम डोडा चूरा बरामद किया।

 

पुलिस ने मौके पर ही मादक पदार्थ जब्त कर लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान गुरु साहिब सिंह, जो कि पंजाब के जिला तारन का निवासी है, के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी है, लेकिन पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है।

 

अब पुलिस इस बात की जांच में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। इसके साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस मामले में किसी संगठित तस्करी गिरोह का हाथ तो नहीं था।

 

इस कार्रवाई को बारां जिले में नशे के खिलाफ एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा, और इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News