हनुमानगढ़ में 7 साल के बच्चे पर फायरिंग, पड़ोसी पर जानलेवा हमले का आरोप
Monday, Feb 23, 2026-06:28 PM (IST)
हनुमानगढ़ जिले के रावतसर थाना क्षेत्र में एक 7 वर्षीय बच्चे पर कथित रूप से फायरिंग किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना रविवार दोपहर चक 7 डीडब्ल्यूडी नाथावाला गांव में हुई। घायल बच्चे को तुरंत रावतसर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार गांव निवासी रामस्वरूप ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया है कि 22 फरवरी को दोपहर करीब तीन बजे उनका भतीजा दुकान से बिस्किट लेने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान गली में पड़ोसी बुगली ने कथित रूप से उस पर बंदूक से फायर कर दिया।
फायरिंग में बच्चे के दाहिने हाथ के अंगूठे और उंगलियों में चोट आई है, जबकि माथे पर भी छर्रे लगे हैं। परिजनों का आरोप है कि आरोपी ने जान से मारने की नीयत से गोली चलाई। घटना के समय आसपास मौजूद कुछ लोगों ने भी फायरिंग देखी होने की बात कही है।
घटना के तुरंत बाद परिजन बच्चे को अस्पताल लेकर पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच की जिम्मेदारी एसआई मुकेश को सौंपी गई है। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र करने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है।
फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस के मुताबिक फायरिंग के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है और पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
