दौसा में भीषण सड़क हादसा, कालाखो गांव से एकसाथ उठी 6 अर्थियां

Thursday, Feb 12, 2026-04:01 PM (IST)

दौसा जिला मुख्यालय के पास स्थित कालाखो गांव बुधवार को गहरे शोक में डूबा रहा। जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर कैलाई गांव के समीप मंगलवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में गांव के छह युवकों की जान चली गई। इस दुर्घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। गांव में सुबह से ही सन्नाटा पसरा रहा, बाजार बंद रहे और कई घरों में चूल्हे तक नहीं जले।

मृतकों की पहचान नवीन कुमार योगी, अंकित बैरवा, लोकेश योगी, दिलखुश योगी, मनीष योगी और समय सिंह योगी के रूप में हुई है। सभी आपस में घनिष्ठ मित्र थे और एक साथ शादी समारोह से लौट रहे थे।

इस हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। नवीन कुमार अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और उसकी चार बहनें हैं। दो बहनों की शादी 19 फरवरी को तय थी, लेकिन लगन से ठीक पहले भाई की अर्थी उठ गई। अंकित बैरवा भी परिवार का अकेला बेटा था और एक बच्चे का पिता था। लोकेश योगी हाल ही में विवाह बंधन में बंधा था और बड़े परिवार में सबसे छोटा था। दिलखुश योगी परिवार में सबसे बड़ा था और उसकी एक बेटी है। मनीष योगी विवाहित था, जबकि समय सिंह योगी की शादी अप्रैल में होनी थी।

हादसे की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। एक ही स्थान से पांच चाचा-भतीजों की अर्थियां उठने का दृश्य बेहद मार्मिक था। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। बहनें अपने इकलौते भाई की अंतिम झलक पाने के लिए बेसुध हो गईं।

जानकारी के अनुसार, सभी युवक पास के कांदोली गांव में एक दोस्त की शादी में शामिल होकर लौट रहे थे। आभानेरी की ओर से आते समय उनकी कार तेज रफ्तार में अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर पार कर दूसरी दिशा से आ रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और युवक उसमें फंस गए। स्थानीय लोगों, होटल कर्मचारियों और पुलिस की मदद से क्रेन बुलाकर वाहन हटाया गया और शवों को बाहर निकाला गया।

बताया जा रहा है कि हादसे से कुछ समय पहले ही सभी दोस्तों ने साथ बैठकर भोजन किया और एक तस्वीर खिंचवाई थी। किसी ने नहीं सोचा था कि वह तस्वीर उनकी जिंदगी की आखिरी याद बन जाएगी।


Content Editor

Afjal Khan

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News