भरतपुर में होटल के अंदर गुंडागर्दी, थाने के पास फायरिंग: 3 आरोपी गिरफ्तार

Wednesday, Feb 18, 2026-07:25 PM (IST)

भरतपुर (राजस्थान)। भरतपुर में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आए, जब एक होटल में बर्थडे पार्टी के दौरान बदमाशों ने खुलेआम मारपीट और रंगदारी की वारदात को अंजाम दिया। मामला 14 फरवरी की रात का है। गोपालगढ़ निवासी सुमित कुमार अपने दोस्तों के साथ सारस चौराहे के पास स्थित ‘सन स्टार होटल’ में मौजूद था, तभी अज्जू ठाकुर, जीतू सहजवानी और कौशल शर्मा अपने साथियों के साथ वहां पहुंचे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी शराब के नशे में थे और उनके हाथों में हथियार थे। आरोप है कि अज्जू ठाकुर ने सुमित के मुंह में पिस्टल डाल दी, जबकि दूसरे आरोपी ने सिर पर देसी कट्टा तानकर रंगदारी की मांग की। मारपीट के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित जब शिकायत दर्ज कराने मथुरा गेट थाना जा रहा था, तभी बिजलीघर चौराहे के पास आरोपियों ने उस पर फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि गोली उसे नहीं लगी।

घटना की सूचना मिलते ही सीओ सिटी पंकज यादव के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में एक देसी पिस्टल और 5 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की गहन जांच जारी है।
 


Content Editor

Kuldeep Kundara

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News