धौलपुर के राजाखेड़ा में ऐतिहासिक चौथ दंगल का हुआ आयोजन
Sunday, Mar 08, 2026-11:22 AM (IST)
राजाखेड़ा। धौलपुर जिले के राजाखेड़ा कस्बे के बिजली घर स्थित खासा स्टेडियम में विशाल ऐतिहासिक सरकारी चौथ दंगल का भव्य आयोजन सफल तरीके से शनिवार को आयोजित हुआ, जिसमें देशभर के नामी पहलवानों ने भाग लिया और अपने दांव पेच दिखाए, दंगल की आखिरी और सबसे महत्वपूर्ण कुश्ती फिरोजाबाद के शेरा पहलवान और अंतरराष्ट्रीय पहलवान मिर्जा ईरानी के मध्य लड़ी गई, जिस रोमांचक मुकाबले में 1 लाख 51 हजार रुपये के लिए लड़ी जा रही कुश्ती दोनों पहलवानो के मध्य बराबर पर छूटी जिसने हजारों की संख्या में मौजूद दर्शकों को आनंदित किया।
दंगल कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत कार्यक्रम के अतिथि जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी एवं भाजपा नेत्री नीरजा अशोक शर्मा द्वारा दंगल अखाड़े में वीर बजरंग बली की पूजा अर्चना कर की गई। जिसके बाद अतिथियों का माला व साफा पहनाकर स्वागत सम्मान किया गया।
दंगल में शुरुआती कुश्ती लड्डुओं के लिए लड़ी गई, जिसके बाद धीरे धीरे कुश्तियों का सिलसिला आगे बढ़ता गया और आखिरी से पहली कुश्ती 51 हजार रुपये के लिए एवं आखिरी कुश्ती 1 लाख 51 हजार रुपये के लिए लड़ी गई जो बराबर पर छूटी।
आखिरी मुकाबले में दोनों पहलवानों शेरा गुर्जर एवं मिर्जा ईरानी ने शानदार दांव-पेच और जबरदस्त ताकत का प्रदर्शन किया। जिससे दर्शक अंतिम क्षण तक रोमांचित बने रहे। आखिरकार दोनों पहलवानो की कुश्ती बराबर पर छूटी।
इस दौरान भाजपा नेत्री नीरजा अशोक शर्मा ने दंगल को राष्ट्रीय स्तर पर राजाखेड़ा की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक बताते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम का आयोजन नियमित रूप से होते रहना चाहिए क्योंकि ये कार्यक्रम सिर्फ कार्यक्रम भर नहीं होते अपितु हमारी सांस्कृतिक चेतना के संवाहक भी होते हैं लंबे समय नगरपालिका और जिला प्रशासन ने इस क्षेत्रीय विरासत को न केवल जीवित रखा है बल्कि इसका संवर्धन भी किया है जिसके पालिका प्रशासन के साथ साथ जिला प्रशासन धन्यवाद का पात्र है, इसके अलावा उन्होंने दूर दराज से दंगल में जोर आजमाइश के लिए पहुंचे पहलवानों और दर्शकों का धन्यवाद दिया।
दंगल व्यवस्था में एसडीएम सुशीला मीणा, मनिया सीओ खलील अहमद, तहसीलदार दीप्ति देव, नगरपालिका ईओ देवेंद्र तिवारी एवं थानाधिकारी गंभीर सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
