हिंदुस्तान जिंक ने लॉन्च किए नए जिंक एलॉय ‘वेदएज’ और ‘वेदआयुष’, गैल्वनाइजिंग उद्योग को मिलेगी नई मजबूती
Tuesday, Nov 03, 2026-07:04 PM (IST)
उदयपुर। विश्व की सबसे बड़ी एकीकृत जिंक उत्पादक कंपनियों में शामिल हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड ने गैल्वनाइजिंग उद्योग के लिए दो नए जिंक एलॉय ‘वेदएज’ (VedAZ) और ‘वेदआयुष’ (VedAyush) लॉन्च किए हैं। कंपनी ने इन उत्पादों को भारत के तेजी से बढ़ते इंफ्रास्ट्रक्चर और विनिर्माण क्षेत्र की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकसित किया है। इनसे उत्पादन प्रक्रिया को अधिक कुशल बनाने, कोटिंग की गुणवत्ता में सुधार करने और स्टील को लंबे समय तक जंग से सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी।
आज के समय में औद्योगिक इकाइयों और सार्वजनिक बुनियादी ढांचे को जंग एवं कॉरोजन से बचाना बड़ी चुनौती है। ऐसे में हिंदुस्तान जिंक के ये नए उत्पाद गैल्वनाइजिंग उद्योग के लिए उपयोगी साबित हो सकते हैं।
कंपनी के सीईओ एवं पूर्णकालिक निदेशक अमरेंदु प्रकाश ने कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर, ऑटोमोबाइल, इंजीनियरिंग और उपभोक्ता उत्पाद क्षेत्रों में वैल्यू-एडेड जिंक उत्पादों की मांग बढ़ रही है। वेदएज और वेदआयुष के जरिए कंपनी ग्राहकों की विशेष जरूरतों को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
वेदएज एक जिंक-एल्यूमिनियम मास्टर एलॉय है। यह गैल्वनाइजिंग बाथ में एल्यूमिनियम की मात्रा नियंत्रित करने में मदद करता है। इससे कोटिंग की मोटाई समान रहती है और जिंक की बर्बादी के साथ अवांछित अवशेष (ड्रॉस) भी कम होते हैं।
वहीं, वेदआयुष जिंक-एल्यूमिनियम-मैग्नीशियम एलॉय है, जो उच्च आर्द्रता, तटीय क्षेत्रों और कठिन औद्योगिक परिस्थितियों में बेहतर जंगरोधी सुरक्षा प्रदान करने के लिए तैयार किया गया है।
राजस्थान के राजपुरा-दरीबा में हिंदुस्तान जिंक की सहायक कंपनी हिंदुस्तान जिंक एलॉयज प्राइवेट लिमिटेड का 30,000 टन सालाना क्षमता वाला एलॉय मेल्टिंग और कास्टिंग संयंत्र संचालित है। इन नए उत्पादों का इस्तेमाल इंफ्रास्ट्रक्चर, ऑटोमोबाइल, बिजली ट्रांसमिशन और घरेलू उपकरणों जैसे क्षेत्रों में किया जा सकेगा।
