हिंदुस्तान जिंक की ग्रीन लॉजिस्टिक्स में बड़ी पहल, माइंस से स्मेल्टर तक दौड़ेंगे 30 इलेक्ट्रिक ट्रक

Wednesday, Sep 09, 2026-06:51 PM (IST)

उदयपुर। हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड ने ग्रीन लॉजिस्टिक्स को बढ़ावा देने के लिए एमएफएल इंडिया लिमिटेड के साथ 6 साल का परिवहन समझौता (MoU) किया है। इसके तहत राजस्थान की रामपुरा आगूचा खदान से स्मेल्टर तक जिंक और लेड कॉन्संट्रेट के परिवहन के लिए चरणबद्ध तरीके से 30 इलेक्ट्रिक ट्रक शामिल किए जाएंगे।

इस पहल के तहत इलेक्ट्रिक ट्रकों के संचालन के लिए विशेष EV चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर भी विकसित किया जाएगा। एमएफएल इंडिया इन चार्जिंग स्टेशनों की स्थापना और संचालन करेगी। समझौते को आगे दो साल के लिए बढ़ाया जा सकता है।

हिंदुस्तान जिंक के सीईओ एवं पूर्णकालिक निदेशक अमरेंदु प्रकाश ने कहा कि इलेक्ट्रिक ट्रकों की तैनाती कंपनी के कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने और स्वच्छ परिवहन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कंपनी नई तकनीकों के साथ इलेक्ट्रिक और LNG वाहनों के उपयोग को बढ़ाने पर काम कर रही है।

कंपनी के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 में सामग्री परिवहन के लिए 42 नए इलेक्ट्रिक वाहन जोड़े गए। इसके साथ हिंदुस्तान जिंक के ग्रीन लॉजिस्टिक्स बेड़े में कुल 232 वाहन हो गए हैं, जिनमें 52 इलेक्ट्रिक और 180 LNG वाहन शामिल हैं।

हिंदुस्तान जिंक की यह पहल कंपनी के 2050 या उससे पहले नेट-जीरो उत्सर्जन लक्ष्य का हिस्सा है। कंपनी अपने संचालन में रिन्यूएबल एनर्जी, इलेक्ट्रिफिकेशन और लो-कार्बन तकनीकों का इस्तेमाल लगातार बढ़ा रही है।


Content Editor

Sourabh Dubey

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News