अतिरिक्त महानिदेशक एचसीएम रीपा शाहीन अली खान ने किया 181 हैल्पलाइन कॉल सेंटर का निरीक्षण

Wednesday, Aug 05, 2026-05:38 PM (IST)

जयपुर। अतिरिक्त महानिदेशक हरिशचंद्र माथुर राजस्थान राज्य लोक प्रशासन संस्थान (एचसीएम रीपा) शाहीन अली खान ने बुधवार को सचिवालय स्थित राजस्थान संपर्क पोर्टल (181) का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आमजन की समस्याओं के संवेदनशील और समयबद्ध समाधान के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है।

 

अधिकारियों को दिए निर्देश
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें, जिससे नागरिकों का विश्वास और मजबूत हो। शाहीन ने लम्बित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण तथा शिकायतों के प्रभावी समाधान पर विशेष जोर दिया।

 

शिकायतों के निस्तारण की वास्तविक स्थिति जानी
समीक्षा के दौरान शाहीन ने विभिन्न विभागों के परिवादियों से दूरभाष पर सीधे संवाद कर उनकी शिकायतों के निस्तारण की वास्तविक स्थिति जानी। उन्होंने सवाईमाधोपुर के राधेश्याम से बात कर उनके द्वारा पोर्टल पर परिवाद के संबंध में जानकारी ली। राधेश्याम ने बताया कि उनके यहां हैण्डपंप 12 दिनों से खराब है। इससे वहां के निवासियों को पेयजल की समस्या हो रही है।

 

परिवादियों की समस्याओं को सुना
इसी प्रकार टोंक के परिवादी विश्राम ने बताया कि राशन कार्ड की ई-केवाईसी नहीं होने के कारण पिछले चार माह से उन्हें राशन नहीं मिल रहा है। उनके बच्चे के विकलांग होने के कारण उन्होंने केवाईसी ऑफलाइन के लिए आग्रह किया है, जिससे उन्हें राशन पुनः प्राप्त होने लगे। उन्होंने बताया कि कई प्रयासों के बाद भी वे केवाईसी नहीं करवा पा रहे हैं।

 

परिवादियों को त्वरित कार्रवाई के लिए आश्वस्त किया
इसके अलावा उन्होंने दौसा के कांजी गुर्जर, बाड़मेर के खेताराम जी तथा अन्य परिवादियों की समस्याओं को भी सुना। उन्होंने सभी परिवादियों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना और त्वरित कार्रवाई के लिए आश्वस्त किया। उन्होंने शिकायतों के समाधान, प्राप्त राहत एवं विभागीय कार्रवाई के प्रति शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि का फीडबैक भी लिया। जिन मामलों में अतिरिक्त कार्रवाई की आवश्यकता सामने आई, उनमें संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान एचसीएम रीपा के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News