हनुमानगढ़ में तीन बड़े मुद्दों पर प्रदर्शन: गोवंश संरक्षण, छात्र भर्ती और किसानों की मांगों को लेकर सौंपे ज्ञापन
Monday, Jul 27, 2026-06:30 PM (IST)
हनुमानगढ़। जिला मुख्यालय पर सोमवार को विभिन्न संगठनों ने अलग-अलग मुद्दों को लेकर प्रदर्शन करते हुए केंद्र और राज्य सरकार का ध्यान अपनी मांगों की ओर आकर्षित किया। संत समाज और गोभक्तों ने गोवंश संरक्षण से जुड़े मुद्दों पर प्रदर्शन किया, छात्र एवं सामाजिक संगठनों ने शिक्षा और भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर विरोध जताया, जबकि भारतीय किसान यूनियन ने किसानों के लंबित भुगतान और सरकारी खरीद व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई।
प्रदर्शन के बाद सभी संगठनों ने जिला प्रशासन के माध्यम से संबंधित सरकारों के नाम ज्ञापन सौंपे।
गोवंश संरक्षण को लेकर केंद्र सरकार से की मांग
'गो सम्मान आह्वान अभियान' के तहत संत समाज, गोसेवकों और गोभक्तों ने जिला कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन किया। इसके बाद प्रधानमंत्री के नाम अतिरिक्त जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर देशभर में गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, गोमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने, गोपालन मंत्रालय के गठन और गोवंश संरक्षण के लिए केंद्रीय कानून बनाने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि इससे पहले देशभर की 5,100 तहसीलों से करोड़ों लोगों के हस्ताक्षरों के साथ भी मांगपत्र भेजा जा चुका है। अब कार्रवाई नहीं होने पर अनुस्मारक ज्ञापन सौंपा गया है।
छात्र संगठनों ने भर्ती और शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
जंक्शन क्षेत्र में विभिन्न छात्र और सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर चौक से जिला कलेक्ट्रेट तक विरोध मार्च निकाला। प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री के पुतले की शवयात्रा निकालने के बाद उसका दहन किया गया। इसके पश्चात राष्ट्रपति के नाम उपखंड अधिकारी (एसडीएम) को सात सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच, पेपर लीक रोकने के लिए सख्त केंद्रीय कानून, भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, नई शिक्षा नीति की समीक्षा तथा दलितों पर अत्याचार रोकने सहित कई मांगें शामिल थीं। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
किसानों ने लंबित भुगतान और सरकारी खरीद का मुद्दा उठाया
भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष रेशम सिंह माणुका के नेतृत्व में किसानों ने अतिरिक्त जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर गेहूं के लंबित भुगतान, अटल भूजल योजना के तहत डिग्गियों की अनुदान राशि, तारबंदी, कृषि यंत्र और मिनीकिट के बकाया अनुदान का शीघ्र भुगतान करने की मांग की।
इसके अलावा किसानों ने मूंग और पीआर धान की सरकारी खरीद समय पर शुरू करने तथा गेहूं खरीद में कथित अनियमितताओं की जांच कराने की मांग भी रखी।
30 जुलाई को विरोध की चेतावनी
भारतीय किसान यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो 30 जुलाई को हनुमानगढ़ दौरे पर प्रस्तावित किसान आयोग के अध्यक्ष सी.आर. चौधरी के दौरे के दौरान विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
