हनुमानगढ़ में पोस्ट ऑफिस को फिर बम से उड़ाने की धमकी, तीसरी बार मचा हड़कंप

Thursday, Apr 02, 2026-06:05 PM (IST)

राजस्थान के हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित पोस्ट ऑफिस को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से इलाके में दहशत फैल गई। पिछले एक महीने में यह तीसरी बार है, जब इस तरह की धमकी सामने आई है।

पुलिस ने तुरंत खाली कराया परिसर

धमकी मिलते ही पुलिस हरकत में आई और पोस्ट ऑफिस परिसर को तुरंत खाली करवाया गया। जंक्शन थाना प्रभारी रामचंद्र कस्वां के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर सघन तलाशी अभियान चलाया। हालांकि जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

पहले भी मिल चुके हैं धमकी भरे ईमेल

इससे पहले 10 मार्च और 27 मार्च को भी इसी तरह के धमकी भरे ईमेल सामने आए थे। इन ईमेल में पोस्ट ऑफिस और पासपोर्ट कार्यालयों को निशाना बनाने की बात कही गई थी। हालांकि अब तक सभी मामलों में कोई वास्तविक खतरा नहीं मिला और इन्हें फर्जी माना गया।

कर्मचारियों और आमजन में डर का माहौल

बार-बार मिल रही धमकियों के कारण कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में भय का माहौल बन गया है। इसका असर दैनिक कामकाज पर भी देखने को मिल रहा है।

साइबर सेल कर रही जांच

अधिकारियों के अनुसार यह किसी शरारती तत्व या संगठित साइबर गिरोह की हरकत हो सकती है, जिसका मकसद दहशत फैलाना है। फिलहाल साइबर सेल टीम इन ईमेल्स के स्रोत का पता लगाने में जुटी हुई है।


Content Editor

Ishika Jain

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News