हनुमानगढ़ में एलपीजी बुकिंग से लोग परेशान, प्रशासन अलर्ट; कालाबाजारी रोकने के सख्त निर्देश
Thursday, Mar 12, 2026-06:45 PM (IST)
राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की ऑनलाइन बुकिंग में आ रही दिक्कतों से उपभोक्ता परेशान हैं। हालांकि जिले में फिलहाल गैस की बड़ी किल्लत नहीं है, लेकिन अफवाहों और तकनीकी समस्याओं के कारण लोगों में चिंता का माहौल बना हुआ है। प्रशासन ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए कालाबाजारी रोकने के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं।
ऑनलाइन बुकिंग नहीं होने से एलपीजी डीलर्स के कार्यालयों में उपभोक्ताओं और कर्मचारियों के बीच बहस की स्थिति बन रही है। जिन लोगों के पास गैस कनेक्शन नहीं है, उन्हें ब्लैक में सिलेंडर करीब 1700 रुपए तक में मिल रहा है। वहीं व्यावसायिक उपयोग के लिए एलपीजी गैस उपलब्ध नहीं होने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।
हालांकि पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति सामान्य बनी हुई है, लेकिन रात के समय पेट्रोल पंपों पर सीएनजी भरवाने के लिए लंबी कतारें देखी जा रही हैं।
कलेक्टर और एसपी ने किया निरीक्षण
घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। गुरुवार को जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव और पुलिस अधीक्षक हरिशंकर ने हनुमानगढ़ जंक्शन–सूरतगढ़ रोड स्थित गैस गोदामों और वितरण केंद्रों का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने उपभोक्ताओं से बातचीत कर गैस आपूर्ति की स्थिति का फीडबैक भी लिया।
जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता
कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने बताया कि जिले में घरेलू एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। चिकित्सीय, शैक्षणिक और सरकारी संस्थानों में भी गैस की आपूर्ति बिना किसी बाधा के जारी है।
ऑयल कंपनियों की व्यवस्था के अनुसार उपभोक्ताओं को 25 दिन के अंतराल में उनके घर तक सिलेंडर की आपूर्ति की जा रही है।
कालाबाजारी और अवैध रीफिलिंग पर सख्त कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, अवैध रीफिलिंग और घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके लिए पुलिस, प्रवर्तन निरीक्षक और तहसीलदार की संयुक्त टीमें गठित की गई हैं, जो लगातार निगरानी रखेंगी।
अफवाहों से न घबराने की अपील
कलेक्टर ने बताया कि जिले में एलपीजी और सीएनजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। गैस वाहनों की सुगम आवाजाही के लिए प्रशासन और पुलिस के सहयोग से ग्रीन कॉरिडोर भी बनाया गया है।
उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराकर अनावश्यक गैस बुकिंग या भंडारण न करें। यदि कहीं गैस की कालाबाजारी या कोई अवैध गतिविधि की जानकारी मिलती है तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें।
