बम की धमकी के बाद हनुमानगढ़ जंक्शन डाकघर खाली कराया, पुलिस-प्रशासन ने संभाली कमान

Tuesday, Mar 10, 2026-06:48 PM (IST)

राजस्थान के हनुमानगढ़ में बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद जंक्शन क्षेत्र स्थित डाकघर को एहतियात के तौर पर खाली करा दिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं और पूरे परिसर को अपने नियंत्रण में ले लिया।

इंडिया पोस्ट का यह डाकघर जंक्शन के श्रीगंगानगर रोड पर भीड़भाड़ वाले इलाके में स्थित है। धमकी की सूचना मिलते ही एंबुलेंस और दमकल वाहन भी मौके पर पहुंच गए। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने तत्काल डाकघर को खाली करवाकर मुख्य गेट पर ताला लगा दिया।

इलाके में बढ़ाई गई निगरानी

घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में लोगों की आवाजाही पर पुलिस ने कड़ी निगरानी रखी। हालांकि डाकघर के सामने से गुजरने वाले श्रीगंगानगर रोड पर यातायात सामान्य रूप से चलता रहा, जिससे आम लोगों को ज्यादा परेशानी नहीं हुई।

ई-मेल से मिली धमकी

सूत्रों के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में स्थित पासपोर्ट कार्यालयों को भी ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है। कथित तौर पर यह धमकी आईएसआई के नाम से भेजी गई बताई जा रही है, जिसमें दोपहर एक बजे गैस बम से विस्फोट करने की बात लिखी गई थी।

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

धमकी मिलने के बाद पूरे प्रदेश में सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है। हनुमानगढ़ में भी एहतियाती कदम उठाते हुए डाकघर परिसर को खाली करवाया गया और पुलिस ने मौके पर जांच शुरू कर दी। अधिकारियों के अनुसार जरूरत पड़ने पर बीकानेर से बम निरोधक दस्ता भी बुलाया जा सकता है।

पहले भी मिल चुकी है धमकी

गौरतलब है कि इससे पहले भी हनुमानगढ़ जिला कलेक्ट्रेट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने का मामला सामने आ चुका है। उस समय भी प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर भवन को खाली कराकर बम निरोधक दस्ते से जांच करवाई थी।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।


Content Editor

Afjal Khan

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News