हनुमानगढ़ में भारी वाहनों पर सख्ती की मांग, बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था से लोग परेशान
Tuesday, Mar 24, 2026-06:34 PM (IST)
राजस्थान के हनुमानगढ़ शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। शहर के व्यस्त इलाकों में भारी वाहनों की आवाजाही से लगातार जाम की स्थिति बन रही है, जिससे आमजन, व्यापारियों और विद्यार्थियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इसी मुद्दे को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता सुशील बहल ने मंगलवार को अतिरिक्त जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की।
प्रतिबंध के बावजूद नियमों की अनदेखी
ज्ञापन में बताया गया कि प्रशासन की ओर से सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है, लेकिन इस नियम का पालन नहीं हो रहा। कई स्थानों पर ट्रक और अन्य भारी वाहन दिनभर शहर के अंदर से गुजर रहे हैं।
व्यस्त मार्गों पर रोजाना जाम
सतीपुरा, चूना फाटक, शहीद भगत सिंह चौक, राजीव चौक, अंबेडकर चौक, तिलक सर्किल और लाल चौक जैसे प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक दबाव लगातार बढ़ रहा है। खासकर चूना फाटक क्षेत्र में हालात अधिक गंभीर बताए जा रहे हैं, जहां रोजाना लंबा जाम लगना आम बात हो गई है।
स्कूल क्षेत्रों में बढ़ा खतरा
इन मार्गों पर कई स्कूल स्थित होने के कारण छात्रों की आवाजाही भी ज्यादा रहती है। ऐसे में भारी वाहनों की मौजूदगी से दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार जाम की स्थिति इतनी गंभीर हो जाती है कि वाहन घंटों तक फंसे रहते हैं।
सख्त कार्रवाई की मांग
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि प्रशासन प्रतिबंध के नियमों को सख्ती से लागू कराए, संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल बढ़ाए और नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करे।
