सचिन पायलट पर बयान को लेकर हनुमानगढ़ में विरोध: कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन, पुतला दहन

Friday, May 01, 2026-05:21 PM (IST)

हनुमानगढ़ टाउन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा नेता द्वारा सचिन पायलट पर की गई टिप्पणी के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। रावतसर रोड पर हुए इस विरोध में कार्यकर्ताओं ने भाजपा के प्रदेश प्रभारी राधामोहन अग्रवाल का पुतला जलाकर नाराजगी जताई और बयान को अनुचित बताया।

प्रदर्शन का नेतृत्व युवा कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्ण नेहरा ने किया। इस दौरान सेवादल जिलाध्यक्ष अश्विनी पारीक, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष रोहित जावा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

“सस्ती लोकप्रियता के लिए बयान”

कृष्ण नेहरा ने कहा कि टोंक में दिए गए बयान से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह बयान राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ है और केवल सुर्खियां बटोरने का प्रयास है।

भाजपा पर साधा निशाना

सेवादल जिलाध्यक्ष अश्विनी पारीक ने इसे भाजपा की हताशा बताते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में भाषा और व्यवहार की मर्यादा जरूरी है, लेकिन इस तरह के बयान लगातार उस सीमा को पार कर रहे हैं।

युवाओं ने दी चेतावनी

एनएसयूआई जिलाध्यक्ष रोहित जावा ने कहा कि सचिन पायलट युवाओं के बीच लोकप्रिय नेता हैं और युवा वर्ग उनके समर्थन में खड़ा है। उन्होंने कहा कि इस तरह की बयानबाजी का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से दिया जाएगा।

इस दौरान अन्य कांग्रेस नेताओं ने भी बयान की आलोचना करते हुए विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन में कई स्थानीय कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल रहे।


Content Editor

Ishika Jain

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News