हनुमानगढ़ टाउन में भाजपा की जन आक्रोश पदयात्रा, महिला आरक्षण मुद्दे पर प्रदर्शन
Wednesday, Apr 22, 2026-06:17 PM (IST)
हनुमानगढ़ टाउन में महिला आरक्षण को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने शनिवार को प्रदर्शन किया। गवर्नमेंट एनएमपीजी कॉलेज के सामने आयोजित इस कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की और राहुल गांधी का पुतला दहन किया।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने “जन आक्रोश पदयात्रा” भी निकाली, जिसमें महिलाओं और युवाओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। रैली के जरिए महिला आरक्षण के समर्थन में आवाज उठाई गई।
वक्ताओं ने कांग्रेस पर महिलाओं के मुद्दे पर दोहरी नीति अपनाने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि महिला आरक्षण को लेकर कांग्रेस का रुख हमेशा स्पष्ट नहीं रहा और इससे महिलाओं के अधिकार प्रभावित हुए हैं।
भाजपा जिला मंत्री शिमला मेहंदीरत्ता और महिला मोर्चा से जुड़ी प्रेरणा पाहुजा ने कहा कि केंद्र सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए लगातार कदम उठा रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लिए गए निर्णयों का उल्लेख करते हुए महिला सशक्तिकरण के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं ने महिला आरक्षण के समर्थन में आवाज बुलंद करते हुए कहा कि इस दिशा में जनजागरण और संघर्ष जारी रहेगा।
