Hanumangarh News: एरिया डोमिनेशन अभियान में 123 बदमाश गिरफ्तार, 255 ठिकानों पर पुलिस की दबिश

Friday, Jul 17, 2026-05:59 PM (IST)

हनुमानगढ़ पुलिस ने अपराध और नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिलेभर में व्यापक 'एरिया डोमिनेशन' अभियान चलाया। एक दिवसीय इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने 255 संभावित ठिकानों पर दबिश देकर विभिन्न मामलों में 123 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

कार्यवाहक पुलिस अधीक्षक अरविंद ने बताया कि अभियान का उद्देश्य वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, नशा तस्करी पर प्रभावी कार्रवाई और जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करना था। इस कार्रवाई में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ 240 पुलिसकर्मियों की 54 टीमों को तैनात किया गया।

अभियान के दौरान पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत एक मामला दर्ज करते हुए 38 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की और एक आरोपी को गिरफ्तार किया। इसके अलावा आबकारी अधिनियम के तहत आठ प्रकरण दर्ज कर छह आरोपियों को पकड़ा गया। यह कार्रवाई फेफाना, हनुमानगढ़ जंक्शन, सदर हनुमानगढ़, टिब्बी, रावतसर, पीलीबंगा और गोलूवाला थाना क्षेत्रों में की गई।

पुलिस ने अन्य कानूनी प्रावधानों के तहत भी चार मामले दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। विशेष अभियान के दौरान छह जघन्य मामलों के वांछित अपराधियों, आठ अन्य फरार आरोपियों, एक इनामी बदमाश और एक हिस्ट्रीशीटर को भी गिरफ्तार किया गया।

इसके अलावा पुलिस ने 22 स्थायी वारंटी एवं गिरफ्तारी वारंट वाले आरोपियों को भी हिरासत में लिया। वहीं, 74 असामाजिक तत्वों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की गई।

हनुमानगढ़ पुलिस का कहना है कि अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।


Content Editor

Ishika Jain

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News