अलवर कोर्ट परिसर में धर्मांतरण आरोपी को पूर्व BJP विधायक ज्ञानदेव आहूजा ने जड़ा थप्पड़, मचा हड़कंप

Friday, Jun 05, 2026-06:40 PM (IST)

अलवर: राजस्थान के अलवर जिले में कथित धर्मांतरण मामले ने शुक्रवार को नया मोड़ ले लिया, जब कोर्ट परिसर में पेशी के लिए लाए गए मुख्य आरोपी को पूर्व भाजपा विधायक ज्ञानदेव आहूजा ने थप्पड़ मार दिया। इस घटना के बाद कोर्ट परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और पुलिस को सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करनी पड़ी।

जानकारी के अनुसार, यह मामला अलवर की तंवर कॉलोनी से जुड़ा है, जहां एक मकान में प्रार्थना सभा आयोजित की जा रही थी। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि प्रार्थना सभा की आड़ में लोगों को बीमारी ठीक करने और चमत्कार दिखाने का झांसा देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा था। विहिप ने यह भी दावा किया कि मौके से धार्मिक साहित्य बरामद किया गया है तथा सभा के दौरान हिंदू देवी-देवताओं के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई थीं।

इन आरोपों के आधार पर स्थानीय निवासी नितिन कुमार सैनी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया और मुख्य आरोपी राजकुमार को हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी दिल्ली का रहने वाला है। पूछताछ के दौरान राजकुमार ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वह केवल ईसा मसीह की प्रार्थना सभा आयोजित करता है और इसमें शामिल होना लोगों की व्यक्तिगत आस्था का विषय है।

शुक्रवार को जब पुलिस आरोपी को कोर्ट में पेश करने के लिए लेकर पहुंची, तब वहां मौजूद पूर्व भाजपा विधायक ज्ञानदेव आहूजा ने उससे बातचीत करने का प्रयास किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सवाल-जवाब के दौरान आहूजा अचानक नाराज हो गए और उन्होंने आरोपी को थप्पड़ मार दिया। घटना के तुरंत बाद पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप किया और आरोपी को सुरक्षित स्थान पर ले गए।

घटना का वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। साथ ही मकान मालिक और कार्यक्रम से जुड़े अन्य लोगों से भी पूछताछ जारी है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वास्तव में वहां क्या गतिविधियां संचालित की जा रही थीं।

फिलहाल पुलिस ने कोर्ट परिसर सहित संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। धर्मांतरण के आरोपों और कोर्ट परिसर में हुई इस घटना ने जिले में राजनीतिक और सामाजिक बहस को भी तेज कर दिया है।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News