राजनीति में ''अच्छे लोगों'' की हो भागीदारी, कार्यकर्ताओं के सम्मान से समझौता नहीं : कोठारी
Sunday, Aug 23, 2026-01:49 PM (IST)
भीलवाड़ा। भाजपा में संगठनात्मक समन्वय, कार्यकर्ताओं के सम्मान और आगामी स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच विधायक कोठारी ने अपनी स्थिति स्पष्ट की है। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि पार्टी में किसी प्रकार का विवाद या झगड़ा नहीं है और सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने अपने 33 माह के कार्यकाल, कार्यकर्ताओं के समायोजन, आगामी निकाय चुनावों तथा शहर की पेयजल, जलभराव और कचरा प्रबंधन जैसी प्रमुख समस्याओं के समाधान को लेकर भी जानकारी साझा की।
- संगठन में कोई विवाद नहीं: विधायक ने कहा कि भाजपा में किसी प्रकार का विवाद नहीं है। अजमेर संभाग प्रभारी अरुण चतुर्वेदी से कार्यकर्ताओं के समायोजन और प्राथमिकताओं पर चर्चा हुई है। समर्पित कार्यकर्ताओं को उचित सम्मान व जिम्मेदारी देने का भरोसा मिला है।
- निकाय चुनाव में अच्छे लोगों को प्राथमिकता : 70 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशी उतारने की फिलहाल कोई योजना नहीं है। आगामी नगर निगम व स्थानीय निकाय चुनावों में योग्य, पारदर्शी, समर्पित और निष्ठावान लोगों को आगे लाया जाएगा।
- निजी कॉलोनियों को मिलेगा चंबल का पानी : अमृत 2.0 योजना में पहले छूटी निजी कॉलोनियों को शामिल किया गया है। शहर की निजी कॉलोनियों में पेयजल समस्या के समाधान के लिए प्रयास जारी हैं।
- जलभराव का स्थायी समाधान: IIT खड़गपुर के सहयोग से ₹2.80 करोड़ की लागत से शहर का ड्रेनेज प्लान और मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है। गांधी सागर क्षेत्र के 7 नालों का रूट बदला गया है और अन्य क्षेत्रों में भी जल निकासी के कार्य जारी हैं।
- कचरा प्रबंधन में दो कम्प्रेशन यूनिट: शहर में दो कम्प्रेशन यूनिट स्थापित की जा रही हैं। एक का कार्य प्रगति पर है, जबकि दूसरी के लिए भूमि संबंधी अड़चन दूर करने की प्रक्रिया जारी है।
