अलवर के गोविंदगढ़ में गैस सिलेंडर को लेकर हाहाकार: लंबी लाइनों में आम लोग, दलालों पर कालाबाजारी के आरोप

Saturday, Mar 14, 2026-07:05 PM (IST)

अलवर। ईरान-इजरायल-अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच देश के कई हिस्सों में घरेलू गैस की सप्लाई प्रभावित होने की खबरें सामने आ रही हैं। इसी बीच राजस्थान के अलवर जिले के गोविंदगढ़ कस्बे से गैस वितरण व्यवस्था को लेकर चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। यहां आम उपभोक्ताओं को एक गैस सिलेंडर के लिए लंबी लाइनों में घंटों इंतजार करना पड़ रहा है, जबकि आरोप है कि कुछ दलाल एक साथ कई-कई सिलेंडर लेकर जा रहे हैं।

एक सिलेंडर के लिए लंबी लाइन

स्थानीय लोगों का कहना है कि गैस सिलेंडर लेने के लिए उन्हें सुबह से ही लाइन में लगना पड़ता है। कई बार घंटों इंतजार के बावजूद सिलेंडर नहीं मिल पाता। वहीं दूसरी ओर, आरोप है कि कुछ लोग गैस सप्लाई की गाड़ी आने से पहले ही वहां पहुंच जाते हैं और अपनी डायरी दिखाकर एक साथ कई सिलेंडर उठा लेते हैं।

ग्रामीणों का दावा है कि एक डायरी के नाम पर 10 से अधिक सिलेंडर तक ले जाए जा रहे हैं, जबकि आम लोगों को एक सिलेंडर के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है।

पुलिस की मौजूदगी में वितरण

बताया जा रहा है कि जिले में गैस की कमी को देखते हुए कई जगहों पर सिलेंडरों का वितरण पुलिस की निगरानी में कराया जा रहा है। इसके बावजूद गोविंदगढ़ में गैस सप्लाई को लेकर अव्यवस्था के आरोप सामने आए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जैसे ही गैस सप्लाई की गाड़ी पहुंचती है, कुछ दलाल मौके पर आ जाते हैं और एजेंसी से सिलेंडर लेकर अपनी दुकानों या गोदामों में जमा कर लेते हैं।

ऊंचे दामों पर बेचने का आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि बाद में यही सिलेंडर बाजार में 2000 से 3000 रुपये तक में बेचे जा रहे हैं। यदि ये आरोप सही साबित होते हैं तो यह गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का गंभीर मामला हो सकता है, जिससे आम उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

इस पूरे मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में बताया जा रहा है कि गोविंदगढ़ के हाई स्कूल के पास गैस सप्लाई की गाड़ी खड़ी है और वहां कई लोग अपनी डायरी लेकर मौजूद हैं।

वीडियो में कुछ बाइक और एक ई-रिक्शा भी दिखाई दे रहा है, जिसमें करीब 10 गैस सिलेंडर लदे हुए नजर आते हैं। आरोप है कि इन सिलेंडरों को बाद में दलालों की दुकानों पर पहुंचाया जाता है।

प्रशासन से कार्रवाई की मांग

स्थानीय लोगों ने इस मामले में प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि खुलेआम हो रही कथित कालाबाजारी के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि गैस वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता आए और आम उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।


Content Editor

Sourabh Dubey

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News