पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने नंदगांव में किया गौपूजन, गो-गोपाल कॉरिडोर का उद्घाटन

Wednesday, Mar 11, 2026-06:25 PM (IST)

सिरोही | राजस्थान के सिरोही जिले से बड़ी खबर सामने आई है, जहां भारत के पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद रेवदर क्षेत्र के नंदगांव पहुंचे। इस दौरान उन्होंने गोशाला में गौपूजन किया और गो-गोपाल कॉरिडोर का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में कई संत-महात्मा और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। सिरोही जिले के रेवदर क्षेत्र के मंडार इलाके में स्थित नंदगांव में आज भव्य धार्मिक आयोजन हुआ। यहां पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया।

नंदगांव पहुंचने के बाद कोविंद ने गोशाला में गौपूजन किया और गोशाला की परिक्रमा कर गौसेवा का संदेश दिया। इसके बाद उन्होंने गो-गोपाल कॉरिडोर का विधिवत लोकार्पण किया। कार्यक्रम के दौरान स्वामी दत्तशरनानंदजी महाराज के पावन सान्निध्य में श्री गोधाम महातीर्थ पथमेड़ा की केंद्रीय कार्यकारिणी का शपथग्रहण समारोह भी आयोजित किया गया। इस मौके पर नवनिर्मित गोआवास का भी उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम के बाद पूर्व राष्ट्रपति ने संतों और पदाधिकारियों के साथ समन्वय कार्यालय में विभिन्न विषयों पर चर्चा की। 

समारोह में नव मनोनीत राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश बिंदल, कार्यकारी अध्यक्ष रघुनाथसिंह शिवतलाई और सीईओ आलोक सिंहल सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं प्रशासन की ओर से सिरोही जिला कलेक्टर अल्पा चौधरी और एसपी डॉ. प्यारेलाल शिवरान सहित कई अधिकारी और गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए। नंदगांव में आयोजित इस धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी मौजूद रहे।
 


Content Editor

Kuldeep Kundara

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News