रेल यात्रियों को बड़ी राहत: शताब्दी और डबल डेकर ट्रेन में बढ़ेंगे कोच, 1 जुलाई से लागू होगी नई व्यवस्था

Wednesday, Jun 17, 2026-04:19 PM (IST)

उत्तर पश्चिम रेलवे ने बढ़ती यात्री संख्या को देखते हुए दो महत्वपूर्ण ट्रेनों में अतिरिक्त कोच जोड़ने का फैसला किया है। नई व्यवस्था 1 जुलाई से प्रभावी होगी, जिससे यात्रियों को अधिक सीटें उपलब्ध होंगी और आरक्षण संबंधी परेशानियों में कमी आने की संभावना है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, अजमेर-दिल्ली सराय रोहिल्ला-अजमेर शताब्दी एक्सप्रेस (12065/12066) में एक अतिरिक्त एसी चेयर कार कोच स्थायी रूप से जोड़ा जाएगा। कोच बढ़ने के बाद इस ट्रेन की कुल संरचना 22 डिब्बों की हो जाएगी, जिसमें एसी चेयर कार, सेकेंड चेयर कार, पावर कार और गार्ड कोच शामिल रहेंगे।

वहीं जयपुर-दिल्ली सराय रोहिल्ला-जयपुर डबल डेकर एक्सप्रेस (12985/12986) में भी यात्रियों की मांग को देखते हुए एक अतिरिक्त एग्जीक्यूटिव एसी चेयर कार कोच लगाया जाएगा। इस बदलाव के बाद ट्रेन में एग्जीक्यूटिव और सामान्य एसी चेयर कार कोचों की संख्या बढ़ जाएगी, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी।

रेलवे का मानना है कि अतिरिक्त कोच जोड़े जाने से इन ट्रेनों में सीटों की उपलब्धता बढ़ेगी और लंबे समय से बनी वेटिंग लिस्ट की समस्या में भी राहत मिलेगी। खासकर दिल्ली, जयपुर और अजमेर रूट पर यात्रा करने वाले दैनिक एवं व्यावसायिक यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

उत्तर पश्चिम रेलवे का कहना है कि यात्रियों की सुविधा और बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए भविष्य में भी आवश्यकता अनुसार ट्रेनों की क्षमता में विस्तार किया जाता रहेगा।


Content Editor

Ishika Jain

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News