दिल्ली होटल अग्निकांड: किशनगढ़-अजमेर के एक ही परिवार के 8 लोगों की मौत, मातम में डूबा पूरा इलाका

Friday, Jun 05, 2026-06:45 PM (IST)

अजमेर: दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक होटल में लगी भीषण आग ने राजस्थान के किशनगढ़ और अजमेर के एक प्रतिष्ठित परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के आठ लोगों की मौत हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक और स्तब्धता का माहौल है। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों और परिचितों में कोहराम मच गया।

 

जानकारी के अनुसार, किशनगढ़ की लक्ष्मीनारायण कॉलोनी निवासी व्यवसायी अशोक पंसारी अपने फूफाजी राधेश्याम अग्रवाल का हालचाल जानने दिल्ली गए थे। राधेश्याम अग्रवाल दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं और उनका उपचार चल रहा है। अशोक पंसारी के साथ परिवार के कई अन्य सदस्य भी दिल्ली पहुंचे थे। अस्पताल में मुलाकात के बाद सभी लोग मालवीय नगर स्थित लेमन ग्रीन होटल में ठहरे हुए थे।

 

बताया जा रहा है कि देर रात तक सब कुछ सामान्य था, लेकिन सुबह अचानक होटल में भीषण आग लग गई। आग तेजी से पूरे भवन में फैल गई, जिससे होटल में ठहरे लोगों को बाहर निकलने का पर्याप्त समय नहीं मिल सका। कुछ ही देर में होटल धुएं और आग की लपटों से घिर गया। दम घुटने और झुलसने के कारण कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

 

इस हृदयविदारक हादसे में अशोक पंसारी, उनकी छोटी बुआ कमला देवी तथा कमला देवी के पति की जान चली गई। वहीं अस्पताल में भर्ती राधेश्याम अग्रवाल के परिवार को सबसे बड़ा झटका लगा। आग में उनकी पत्नी प्रेम देवी, पुत्र विवेक अग्रवाल, पुत्रवधू तर्जनी, बड़ी बेटी एंजल और छोटी बेटी की भी मौत हो गई। इस तरह एक ही परिवार के आठ सदस्य काल के गाल में समा गए।

 

हादसे की सूचना जैसे ही किशनगढ़ और अजमेर पहुंची, दोनों शहरों में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार के घरों में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय व्यापारी, समाजसेवी और पड़ोसी भी इस दुखद घटना से स्तब्ध हैं।

 

सूचना मिलने के बाद परिवार के कई सदस्य और रिश्तेदार तत्काल दिल्ली के लिए रवाना हो गए। प्रशासन और राहत एजेंसियां घटना की जांच में जुटी हैं। प्रारंभिक तौर पर आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस दर्दनाक हादसे ने एक पूरे परिवार को तबाह कर दिया और पीछे छोड़ गया असहनीय दर्द तथा कभी न भरने वाला खालीपन।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए