हनुमानगढ़ दौरे पर शिक्षा मंत्री, स्कूलों का निरीक्षण कर जानी ग्रामीणों की समस्याएं

Thursday, Apr 23, 2026-05:58 PM (IST)

राज्य के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने गुरुवार को हनुमानगढ़ जिले के विभिन्न ग्रामीण इलाकों का दौरा कर स्कूलों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान वे श्रीगंगानगर से पीलीबंगा की ओर जाते हुए कई स्थानों पर रुके और शिक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

दौरे की शुरुआत बनवाला गांव के राजकीय विद्यालय के निरीक्षण से हुई, जहां उन्होंने स्कूल की स्थिति और व्यवस्थाओं को परखा। इसके बाद पक्का भादवा में उन्होंने ग्रामीणों और महिला सफाईकर्मियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का भरोसा दिलाया।

अयालकी गांव में मंत्री ने राजकीय विद्यालय के नए भवन निर्माण कार्य का भूमि पूजन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि अब सरकारी स्कूलों की शिक्षा को लेकर पुरानी धारणा बदल रही है। हाल के परीक्षा परिणामों में सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए निजी स्कूलों को भी कड़ी टक्कर दी है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। गरीब और श्रमिक वर्ग के बच्चों को स्कूल से जोड़ने के लिए शिक्षकों द्वारा घर-घर संपर्क किया जा रहा है।

मंत्री ने यह भी कहा कि विद्यार्थियों को मिड-डे मील, नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकें सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस बार सत्र की शुरुआत में ही किताबें वितरित की गईं, जिसे उन्होंने सकारात्मक पहल बताया। साथ ही बच्चों में संस्कारों के विकास पर भी विशेष जोर देने की बात कही।

इसके बाद उन्होंने गोलूवाला स्थित पीएम श्री स्कूल का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं की सराहना की। प्राचार्य और स्टाफ के साथ करीब आधे घंटे तक चर्चा कर स्कूल के विकास कार्यों की जानकारी ली।

दौरे के दौरान लोंगवाला में ग्रामीणों ने मंत्री का स्वागत किया। अंत में वे पीलीबंगा पहुंचे, जहां उन्होंने स्थानीय व्यापारियों से मुलाकात कर क्षेत्र की स्थिति जानी।


Content Editor

Ishika Jain

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News