डूंगरपुर में जल जीवन मिशन फेल: दो महीने से सूखे नल, महिलाओं का प्रदर्शन

Monday, Mar 30, 2026-04:11 PM (IST)

राजस्थान के डूंगरपुर जिले की ग्राम पंचायत हथाई के डोगरा फलां में पेयजल संकट ने गंभीर रूप ले लिया है। हालात ऐसे हैं कि पिछले दो महीनों से लोगों के घरों में पानी नहीं पहुंचा, जिससे नाराज ग्रामीणों-खासकर महिलाओं ने खाली बर्तन लेकर पंचायत कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने ग्राम विकास अधिकारी को जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए जल्द से जल्द जलापूर्ति बहाल करने की मांग की।

नल लगे, लेकिन पानी गायब

केंद्र सरकार की जल जीवन मिशन योजना के तहत गांव में घर-घर नल कनेक्शन तो दिए गए, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि इन नलों से पिछले दो महीनों से एक बूंद पानी भी नहीं आया है। इससे योजना की जमीनी हकीकत पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

पुरानी व्यवस्था तोड़ी, नई शुरू नहीं

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि योजना के तहत काम के दौरान पुरानी पाइपलाइन को भी हटा दिया गया। पहले इसी पाइपलाइन से नियमित जलापूर्ति होती थी, लेकिन अब पुरानी व्यवस्था खत्म हो चुकी है और नई व्यवस्था अभी तक चालू नहीं हो पाई है। इससे पूरा इलाका पानी के संकट से जूझ रहा है।

पहले भी दी गई शिकायत, नहीं हुआ समाधान

स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने पहले भी जनसुनवाई के दौरान पंचायत में शिकायत दर्ज करवाई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। प्रशासन और संबंधित विभाग की ओर से उदासीनता का आरोप भी लगाया गया है।

आंदोलन की चेतावनी

ग्रामीणों ने साफ कहा है कि यदि जल्द ही पानी की सप्लाई बहाल नहीं की गई, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।


Content Editor

Ishika Jain

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News